&format=webp&quality=medium)
जब भी सुरक्षित और गारंटीड रिटर्न वाली निवेश योजनाओं की बात आती है, तो पोस्ट ऑफिस का नाम सबसे पहले आता है. पोस्ट ऑफिस की कई योजनाओं में 5-वर्षीय रिकरिंग डिपॉजिट (Recurring Deposit - RD) आम भारतीय परिवारों के लिए बचत का एक बेहद लोकप्रिय और भरोसेमंद विकल्प रहा है. इसमें आप हर महीने एक छोटी और निश्चित राशि जमा करके 5 साल में एक अच्छी-खासी रकम जोड़ सकते हैं. मौजूदा समय में, पोस्ट ऑफिस RD पर 6.7% प्रति वर्ष की दर से ब्याज मिल रहा है, जो कई बैंक FD से भी बेहतर है.
लेकिन RD का मूल सिद्धांत अनुशासन है, यानी आपको हर महीने तय समय पर किस्त जमा करनी होती है. ज़िंदगी में कई बार ऐसे मौके आते हैं जब आर्थिक तंगी या किसी और वजह से हम समय पर किस्त नहीं भर पाते. ऐसे में मन में सवाल उठता है कि अगर RD की 2-3 किस्तें छूट जाएं तो क्या होगा? क्या खाता बंद हो जाएगा या सिर्फ पेनल्टी भरकर काम चल जाएगा? आइए, पोस्ट ऑफिस RD से जुड़े सभी नियमों को
समझते हैं.
अगर आप किसी महीने अपनी RD की किस्त निर्धारित तारीख तक जमा नहीं कर पाते हैं, तो आपका खाता तुरंत बंद नहीं होता है. पोस्ट ऑफिस आपको इसे पेनल्टी के साथ जमा करने की सुविधा देता है. प्रत्येक 100 रुपये पर 1 रुपये प्रति माह की पेनल्टी लगती है. इसका मतलब है कि आपको अपनी किस्त की राशि पर 1% प्रति माह की दर से जुर्माना देना होगा. लेकिन चार से ज्यादा डिफॉल्ट होते हैं तो खाते को बंद (डिसकंटीन्यू) मान लिया जाएगा.
उदाहरण: मान लीजिए आपकी RD की मासिक किस्त 2,000 रुपये है और आप एक महीने की किस्त लेट जमा करते हैं, तो आपको 2,000 रुपये पर 1% यानी 20 रुपये की पेनल्टी देनी होगी. आपको कुल 2,020 रुपये जमा करने होंगे. ये नियम हर उस महीने के लिए लागू होता है जब तक आप अपनी बकाया किस्त जमा नहीं कर देते.
पोस्ट ऑफिस के नियमों के अनुसार, अगर कोई निवेशक लगातार चार महीनों तक अपनी RD की किस्त जमा नहीं करता है, तो उसका खाता 'डिसकंटीन्यू' (Discontinued) यानी बंद कर दिया जाता है. इसका मतलब है कि आप उसमें आगे और पैसा जमा नहीं कर पाएंगे और खाता निष्क्रिय हो जाएगा.
अगर आपका खाता चार किस्तें न भरने के कारण बंद हो गया है, तो घबराने की ज़रूरत नहीं है. पोस्ट ऑफिस आपको इसे दोबारा शुरू करने का एक मौका देता है. लेकिन इसे फिर से चालू (रिवाइव) करने की परमीशन केवल चौथी चूक वाले महीने से दो महीने की अवधि के भीतर ही दी जाएगी. इसके लिए आपको अपने पोस्ट ऑफिस जाकर एक आवेदन देना होगा. आपको अपनी सभी बकाया किस्तें और उन पर लगी पेनल्टी एक साथ जमा करनी होगी. ऐसा करने पर आपका खाता फिर से सक्रिय हो जाएगा और आप उसे पहले की तरह जारी रख सकते हैं. लेकिन अगर आप इन दो महीनों की मोहलत के अंदर भी खाता चालू नहीं करवाते हैं, तो यह स्थायी रूप से बंद हो जाता है और आप इसमें आगे कोई निवेश नहीं कर पाएंगे.
अगर आपको लगता है कि आपकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और आप कुछ महीनों तक किस्तें नहीं दे पाएंगे, तो 4 किस्तें डिफॉल्ट करने से पहले ही आप बचाव का रास्ता अपना सकते हैं. आप स्थिति को पहले से भांपकर पोस्ट ऑफिस में आवेदन दे सकते हैं और अपने RD अकाउंट की मैच्योरिटी अवधि को उतने महीनों के लिए आगे बढ़वा सकते हैं, जितने महीने आप किस्त नहीं दे पा रहे हैं. ये विकल्प आपको खाता बंद होने से बचाएगा.