&format=webp&quality=medium)
जीवन में अचानक वाली स्थितियों से बचने के लिए हमेशा हर किसी को तैयार रहना चाहिए. इसके लिए इंश्योरेंस होना बहुत जरूरी है. आमतौर पर इंश्योरेंस का प्रीमियम इतना महंगा होता है कि गरीब और जरूरतमंद उसे नहीं खरीद पाते. ऐसे लोगों की मदद के लिए सरकार की ओर से 3 ऐसी स्कीम्स चलाई जाती हैं जो दुर्घटना जैसी स्थितियों में या आपके न होने की स्थिति में परिवार को आर्थिक मदद देने का काम करती हैं. साथ ही बुढ़ापे पर जब आमदनी का कोई जरिया न रहे तब ये आपके लिए रेगुलर इनकम की व्यवस्था करती है.
हम बात कर रहे है पोस्ट ऑफिस की जन सुरक्षा स्कीम की, इस स्कीम के तहत 3 योजनाएं चलाई जाती हैं. इन योजनाओं का प्रीमियम भी बहुत मामूली है, जिसे 5,000 से 10,000 रुपए महीने कमाने वाले लोग भी आसानी से भर सकते हैं. यहां जानिए इन स्कीम्स के बारे में.
पहली स्कीम है प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना. ये एक टर्म इंश्योरेंस प्लान है जो आपके न होने पर आपके परिवार को वित्तीय मदद प्रदान करता है. इस स्कीम के तहत बीमाधारक की मृत्यु होने की स्थिति में उसके परिवार को 2 लाख तक की आर्थिक मदद दी जाती है. मुश्किल समय में ये मदद परिवार की कई जरूरतों को पूरा कर सकती है.अगर को व्यक्ति सरकार की इस स्कीम का फायदा लेना चाहता है तो उसे सालाना मात्र 436 रुपए देकर इस प्लान को खरीदना होता है. 436/12=36.3 यानी हर महीने अगर कोई व्यक्ति करीब 36 रुपए भी बचा ले, तो आराम से इसका सालाना प्रीमियम दे सकता है. 18 से 50 साल तक का कोई भी व्यक्ति इस इंश्योरेंस प्लान को खरीद सकता है.
दूसरी स्कीम है प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना. ये योजना खासतौर से उन लोगों को फायदा दे सकती है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और निजी बीमा कंपनियों के प्रीमियम नहीं दे सकते. साल 2015 में शुरू की गई Suraksha Bima Yojana में दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख तक का बीमा कवर दिया जाता है. इस स्कीम के लिए सालाना प्रीमियम सिर्फ 20 रुपए देना होता है. ये ऐसी रकम है, जिसे गरीब तबके के लोग भी आसानी से चुका सकते हैं. अगर दुर्घटना के दौरान बीमित व्यक्ति की मौत हो जाए, तो बीमा की राशि उसके नॉमिनी को दी जाती है. वहीं अगर पॉलिसी होल्डर दिव्यांग हो जाता हैं तो उसे नियमों के अंतर्गत 1 लाख रुपए की मदद मिलती है. इस स्कीम का लाभ 18 साल से 70 साल तक की उम्र में उठाया जा सकता है. यदि लाभार्थी की आयु 70 वर्ष या इससे ज्यादा है तो प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना को टर्मिनेट कर दिया जाएगा.
जनसुरक्षा योजना के अंतर्गत तीसरी स्कीम अटल पेंशन योजना चलाई जाती है. अगर आप भी अपने बुढ़ापे के लिए रेगुलर इनकम का इंतजाम करना चाहते हैं, तो आप सरकार की अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana- APY) में निवेश कर सकते हैं. भारत सरकार की इस स्कीम के जरिए 5,000 रुपए तक की मासिक पेंशन प्राप्त की जा सकती है. हालांकि आपको कितनी पेंशन मिलेगी, ये आपके निवेश पर निर्भर करता है. कोई भी भारतीय नागरिक जो टैक्सपेयर नहीं है और जिसकी उम्र 18 साल से 40 साल तक की है, वो सरकार की इस स्कीम में कॉन्ट्रीब्यूट कर सकता है. इसमें 60 की उम्र तक निवेश करना होता है. उम्र के हिसाब से इसका प्रीमियम है. आपकी उम्र जितनी कम होगी, प्रीमियम भी उतना मामूली होगा.