&format=webp&quality=medium)
अगर आप खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं और आपके पास फंड की कमी है तो भारत सरकार की एक स्कीम आपके लिए मददगार हो सकती है. पीएम विश्वकर्मा योजना एक ऐसी स्कीम है, जिसके जरिए आपको 3 लाख रुपए तक का लोन सस्ती ब्याज दर पर मिल सकता है. ये स्कीम कारीगरों और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए है. इस लोन के लिए उन्हें कुछ गिरवी रखने की जरूरत नहीं है. लोन पर लगने वाली ब्याज दर भी बेहद कम है. सिर्फ 5% इंटरेस्ट रेट्स पर आपको ये लोन मिल सकता है. यहां जानिए इस स्कीम से जुड़ी खास बातें.
विश्वकर्मा योजना के तहत 3 लाख तक का लोन सरकार दो किस्तों में देती है. पहले चरण में 1 लाख रुपए का लोन दिया जाता है और दूसरे चरण में 2 लाख कर लोन दिया जाता है. पहले चरण के लोन को 18 महीने और दूसरे चरण के लोन को 30 महीने में चुकाया जा सकता है.
स्कीम से जुड़ने के बाद सबसे पहले लाभार्थी को कुछ दिनों का प्रशिक्षण दिया जाता है. इस बीच लाभार्थी को ट्रेनिंग चलने तक रोजाना 500 रुपए स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाते हैं. साथ ही इंसेंटिव का भी प्रावधान है.
स्कीम से जुड़ने वाले लाभार्थियों को 15 हजार रुपए की आर्थिक मदद भी दी जाती है जिससे लाभार्थी टूलकिट खरीद सकें. बता दें कि ये योजना सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) चला रहा है.
स्कीम के तहत 18 ट्रेड्स के कारीगर और शिल्पकार शामिल हैं जो अपने हाथों और औजारों से काम करते हैं. इनमें बढ़ई, नौका बनाने वाले, लोहार, हथौड़ा और औजार बनाने वाले, सुनार, कुम्हार, पत्थर की कारीगरी करने वाले, चर्मकार, राज मिस्त्री, दरी, झाड़ू एवं टोकरी बनाने वाले, धोबी, दर्जी, मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले आदि शामिल हैं.
इस योजना से जुड़ने के लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट https://pmvishwakarma.gov.in/ पर जाना होगा. इसके बाद आपको लॉगिन में जाकर एप्लीकेंट लॉगिन पर क्लिक करके आप अपनी आईडी बनानी होगी. फिर आप आवेदन कर सकते हैं.