मार्च का महीना खत्म होने को है, ऐसे में इनकम टैक्स प्लानिंग के लिए आपके पास बहुत कम समय ही बचा है. 31 मार्च के बाद आपको ये मौका नहीं मिलेगा क्योंकि 1 अप्रैल से नया फाइनेंशियल ईयर शुरू होने जा रहा है. ऐसे में यहां जानिए पोस्ट ऑफिस की ऐसी 5 स्कीम्स के बारे में जो आपको शानदार रिटर्न देने के साथ इनकम टैक्स बचाने में भी मददगार साबित हो सकती हैं.
1/5पब्लिक प्रोविडेंट फंड लोगों की पसंदीदा स्कीम्स में से एक है. इस स्कीम में आपको 7.1% के हिसाब से ब्याज दिया जा रहा है. ये स्कीम 15 साल बाद मैच्योर होती है. इसमें एक फाइनेंशियल ईयर में न्यूनतम 500 और अधिकतम 1.5 लाख रुपए सालाना जमा किए जा सकते हैं. लॉन्ग टर्म में मोटा पैसा बनाने में ये स्कीम आपकी मदद कर सकती है. इस स्कीम को EEE कैटेगरी में रखा जाता है, इस कारण इस स्कीम में निवेश, रिटर्न और मैच्योरिटी तीनों पर टैक्स बेनिफिट मिलता है.
2/5अगर आपकी बेटी की उम्र 10 साल के भीतर है तो आप उसके नाम से सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में निवेश कर सकते हैं. इस स्कीम के तहत 8.2 फीसदी का ब्याज मिल रहा है. इसमें सालाना 250 रुपए से लेकर 1.5 लाख रुपए तक जमा कर सकते हैं. 15 साल तक पैसे जमा किए जाते हैं और बेटी के 21 साल का होने पर ब्याज समेत पूरी रकम निवेशक को लौटा दी जाती है. पीपीएफ की तरह ही यह स्कीम भी EEE कैटेगरी में आती है, जिसमें निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट, तीनों पर टैक्स छूट मिलती है.
3/5पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (Post Office TD) जिसे पोस्ट ऑफिस एफडी भी कहा जाता है, आप इसमें भी निवेश करके टैक्स की बचत कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपको 5 साल की एफडी में निवेश करना होगा. 5 साल की एफडी पर टैक्स बेनिफिट्स मिलते हैं, इससे कम टेन्योर वाली एफडी पर टैक्स का फायदा नहीं मिलता. पोस्ट ऑफिस में 5 साल की एफडी पर 7.5% ब्याज दिया जा रहा है. इसमें आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपए तक की टैक्स कटौती का दावा करने की इजाजत मिलती है.
4/5पोस्ट ऑफिस एफडी की तरह NSC में निवेश करके भी आप प्रॉफिट के साथ टैक्स बेनिफिट ले सकते हैं. NSC में 1,000 रुपए से निवेश शुरू कर सकते हैं. मैक्सिमम लिमिट कोई नहीं है. मौजूदा समय में इस पर 7.7 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है. इसमें भी 5 साल के लिए निवेश किया जा सकता है. इसमें भी आप 80C के तहत 1.5 लाख रुपए तक की टैक्स कटौती का दावा कर सकते हैं.
5/5सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम के नाम से ही स्पष्ट है कि ये वरिष्ठ नागरिकों के लिए है. इस स्कीम में सीनियर सिटीजंस 5 साल के लिए निवेश कर सकते हैं और टैक्स सेविंग कर सकते हैं. इसमें 1,000 से निवेश शुरू कर सकते हैं और अधिकतम 30 लाख रुपए तक इन्वेस्ट किए जा सकते हैं. इस स्कीम पर 8.2% ब्याज मिल रहा है. इसमें भी सालाना 1.5 लाख रुपये तक के निवेश पर 80C के तहत टैक्स छूट क्लेम की जा सकती है. लेकिन इसमें मिलने वाला ब्याज टैक्सेबल होता है.