जिंदगी में आपको अब तक जो कुछ भी मिला है, उसके पीछे आपकी मेहनत और तमाम छोटी-बड़ी आदतें जिम्मेदार होती हैं. आपकी आदतें आपको बुलंदियों पर भी पहुंचा सकती हैं और अर्श से फर्श पर भी ला सकती हैं. अगर आप खुद को आने वाले समय में अमीर देखना चाहते हैं तो नए साल 2025 (New Year 2025) में अपनी गलत आदतों को छोड़ने और नई आदतों को अपनाने का संकल्प लें. यहां जानिए वो 5 हैबिट्स जो आपको अमीर बनने से रोकती हैं. अगर आपने इनको नहीं छोड़ा तो आप चाहे कितना कमा लें, एक फूटी कौड़ी नहीं बचा पाएंगे.
1/5अगर आपके खर्च बेतहाशा हैं और आपकी पूरी इनकम महीने के अंत तक खत्म हो जाती है और आप कुछ भी बचत नहीं कर पाते हैं, तो आपको इस आदत को सुधार लेना चाहिए. वरना आने वाले समय में आपके लिए बड़ी समस्या पैदा हो जाएगी. बचत के मामले में 50-30-20 का रूल फॉलो करें और हर हाल में अपनी सैलरी का 20 फीसदी हिस्सा बचाएं.
2/5तमाम लोग पैसा बचा तो लेते हैं, लेकिन वो अकाउंट में पड़ा रहता है और फिर अचानक से कहीं खर्च हो जाता है और वो फिर से खाली. अगर आपके जीवन में भी ये क्रम बना रहता है, तो नए साल पर इसे बदल दें. हर महीने इनकम से 20 फीसदी रकम को बचाने के बाद इसे कहीं पर निवेश करें. निवेश आप अलग-अलग स्कीम्स में करें. साथ ही निवेश के मामले में अनुशासित रहें. निवेश ही वो जरिया है जो आपकी रकम को समय के साथ तेजी से बढ़ा सकता है.
3/5आज के समय में बैंक में आपको लोन की सुविधा मिल जाती है, लेकिन इसे अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए लिया जा सकता है, शौक पूरे करने के लिए नहीं. मकान के लिए, एजुकेशन के लिए, बिजनेस बढ़ाने के लिए या फिर किसी इमरजेंसी में अगर आप लोन लेते हैं तो ये आपकी जरूरत है, लेकिन अगर आप शॉपिंग के लिए, घूमने-फिरने के लिए, महंगा स्मार्टफोन वगैरह खरीदने के लिए लोन ले रहे हैं तो ये फिजूल खर्च है. इस खर्च को रोकिए. नए साल में ये संकल्प लीजिए कि आप इस तरह के फिजूल खर्चों पर लगाम लगाएंगे.
4/5अमीर होने और दूसरों को अमीर दिखाने में बहुत बड़ा फर्क है. आजकल लोग खुद को अमीर दिखाने के लिए पैसों को महंगी शराब, पार्टी, स्मोकिंग, महंगे रेस्त्रां में जाना, ऑनलाइन गेम्स, डिस्क, ब्रांडेड शॉपिंग आदि में तमाम पैसे खर्च करते हैं, जिन्हें वो आसानी से बचा सकते हैं. अगर इन पैसों को बचाकर वो सही जगह पर निवेश करें तो आने वाले कुछ सालों में वो वास्तव में दौलतमंद बन जाएंगे, किसी को अमीर बनकर दिखाने की जरूरत नहीं होगी. इसलिए अगले साल अमीरी के इस शो ऑफ की आदत को हमेशा के लिए गुडबाय बोल दें. अगर आपने समय रहते ये आदत नहीं छोड़ी तो आने वाले समय में आपको बहुत पछताना पड़ सकता है.
5/5भारत में आज भी एक बड़ा वर्ग हेल्थ इंश्योरेंस को जरूरी नहीं समझता. अगर आप भी उनमें से एक हैं, तो इस गलती को सुधार लें और अगले साल हर हाल में हेल्थ इंश्योरेंस प्लान खरीदें. सेहत से जुड़ी इमरजेंसी कभी भी किसी के भी सामने आ सकती है. ऐसे में सेविंग्स का काफी पैसा अचानक से खर्च हो जाता है और फिर आप पछताते रहते हैं. अगर आप पहले से हेल्थ इंश्योरेंस खरीदकर रखेंगे तो ये आपके और आपके परिवार को सुरक्षा कवच देगा और मुश्किल समय में आपकी जिंदगी को बचाने में मददगार होगा. साथ ही आपके पैसों को भी बचाएगा. आप जितनी कम उम्र पर हेल्थ इंश्योरेंस प्लान खरीदते हैं, ये उतने बेहतर दामों में मिल जाता है.