ऐसा अक्सर देखा गया है कि कुछ लोग बहुत सारे क्रेडिट कार्ड (Credit Card) रखते हैं. लोगों का मानना होता है कि इससे उनकी क्रेडिट लिमिट (Credit Limit) ज्यादा होती है, जिससे वह ढेर सारी शॉपिंग कर सकते हैं. हालांकि, कई बार ज्यादा क्रेडिट कार्ड होने की वजह से कुछ ऐसी चीजें हो जाती हैं कि लोगों का सिबिल स्कोर (Cibil Score) प्रभावित होता है. आइए जानते हैं ऐसी ही 5 बातें, जिन्हें आपको ध्यान रखना चाहिए.
1/5अगर आपके पास कई सारे क्रेडिट कार्ड हैं तो उनके बिल की ड्यू डेट भी कई सारी हो सकती हैं. ऐसे में आपको सभी की ड्यू डेट याद रखनी जरूरी है, वरना कोई भी डेट मिस हुई तो आप पर लेट फीस लग सकती है और आपका सिबिल बिगड़ सकता है.
2/5क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल के दौरान आपको क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो का पूरा ध्यान रखना चाहिए. इसके तहत आपको अपने कार्ड की लिमिट का 30 फीसदी से अधिक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, वरना आपका सिबिल प्रभावित हो सकता है. अधिक क्रेडिट कार्ड होने पर सबकी लिमिट याद रख पाना मुश्किल होता है, जो आपके लिए दिक्कत का सबब बन सकता है.
3/5अगर आपके पास कई सारे क्रेडिट कार्ड हैं और उन पर आपको सालाना फीस भी चुकानी पड़ रही है तो इस तरह आपको बहुत सारे पैसे तो एनुअल फीस में ही खर्च करने पड़ेंगे. ऐसे में आपको कुछ क्रेडिट कार्ड बंद करने पर विचार करना चाहिए, ताकि आपके ऊपर पड़ने वाला बोझ कम हो सके.
4/5कई बार लोग क्रेडिट कार्ड में मिनिमम ड्यू देखकर सोचते हैं कि वह इतना ही पैसा चुका देंगे तो काम चल जाएगा. बता दें कि ऐसे में आप सिर्फ कार्ड इस्तेमाल करते रह सकते हैं. आपके बिल पर आपको ब्याज तो चुकाना ही होगा. तो हमेशा अपने क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल भुगतान करें.
5/5लोग क्रेडिट कार्ड इसीलिए लेते हैं, ताकि उस पर मिलने वाले ढेर सारे रिवॉर्ड प्वाइंट्स का इस्तेमाल कर सकें. लेकिन अगर आपके पास बहुत सारे क्रेडिट कार्ड हैं तो रिवॉर्ड प्वाइंट्स को ट्रैक करते रहना मुश्किल हो जाता है. वहीं क्रेडिट कार्ड्स में कुछ रिवॉर्ड प्वाइंट्स ऐसे भी होते हैं, जो एक तय समय के बाद एक्सपायर हो जाते हैं, तो आपको उन्हें लगातार मॉनिटर करना जरूरी होता है और यूटिलाइज करते रहना चाहिए.