क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बीते कुछ समय में तेजी से बढ़ रहा है. इस पर मिलने वाले डिस्काउंट्स, रिवॉर्ड्स और ऑफर्स लोगों को काफी आकर्षित करते हैं. लेकिन क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल काफी समझदारी से करना होता है, वरना आपको भारी-भरकम नुकसान उठाना पड़ सकता है. यहां जानिए वो 5 गलतियां जो क्रेडिट कार्ड यूजर्स पर काफी भारी पड़ती हैं.
1/5क्रेडिट कार्ड में बेशक आपको अच्छी खासी लिमिट मिली हो, लेकिन कभी भी आप क्रेडिट कार्ड की लिमिट का 30 फीसदी से ज्यादा इस्तेमाल न करें. एक साथ बड़ी रकम खर्च करने वालों को बैंक वित्तीय रूप से कमजोर मानता है. इससे आपका सिबिल स्कोर खराब होता है. ऐसे में आपको भविष्य में लोन लेने में परेशानी हो सकती है.
2/5ड्यू अमाउंट दो तरह के होते हैं एक टोटल ड्यू और दूसरा मिनिमम ड्यू. अगर आप सिर्फ मिनिमम ड्यू पे करते हैं तो इससे आपको सिर्फ इतना फायदा होगा कि आपका कार्ड ब्लॉक नहीं किया जाएगा, लेकिन आपको बकाए रकम पर तगड़ा ब्याज देना पड़ेगा और ये ब्याज टोटल अमाउंट पर लगेगा. इसलिए क्रेडिट कार्ड का भुगतान करते समय हमेशा टोटल ड्यू का भुगतान करें.
3/5कई बार लोग दो कार्ड होने पर एक कार्ड को अचानक से बंद करा देते हैं. ऐसा नहीं करना चाहिए. इससे क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो बढ़ सकता है क्योंकि आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो पहले दो कार्डों में बंटा था, लेकिन अचानक से कार्ड बंद होने के बाद वो एक ही में होगा. ऊंचा क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो से आपका क्रेडिट स्कोर बिगड़ता है. इसलिए आप कार्ड का इस्तेमाल भले ही न करें, लेकिन उसे एक्टिव रखें.
4/5मुश्किल समय में आप क्रेडिट कार्ड से भी कैश निकाल सकते हैं. आप कितना कैश निकाल सकते हैं, ये आपके कार्ड की लिमिट के हिसाब से तय होता है. लेकिन क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने से पूरी तरह से बचना चाहिए क्योंकि इसके लिए आपको अच्छा खासा चार्ज देना पड़ता है. इसके अलावा कैश एडवांस पर इंटरेस्ट फ्री क्रेडिट पीरियड का कोई लाभ नहीं मिलता.
5/5क्रेडिट कार्ड लेते समय तमाम लोगों को इसे विदेश में इस्तेमाल करने के भी लुभावने ऑफर्स दिए जाते हैं. लेकिन इसके पीछे की कहानी आपको नहीं बताई जाती. विदेश में क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने पर आपको फॉरेन करंसी ट्रांजैक्शन फीस चुकानी होती है. विदेश में क्रेडिट कार्ड की जगह प्रीपेड कार्ड इस्तेमाल करना बेहतर है.