हर कोई कार तो खरीदना चाहता ही है. कार आप जिस दिन चाहे उस दिन खरीदें, लेकिन कार खरीदने से पहले आपको ये पता होना चाहिए कि आपको कब कार खरीदनी चाहिए. ये भी पता होना जरूरी है कि कितने रुपये की कार खरीदनी चाहिए. वैसे इसका कोई नियम तो नहीं है, लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आपका बजट ना बिगड़े तो आपको एक फॉर्मूले के तहत आगे बढ़ना होगा और कुछ बातों का ध्यान (Car Buying Tips) रखना होगा.
1/5यहां उन लोगों की बात की जा रही है जो कार लोन लेकर कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं. कार लोन लेने वालों को अपनी कुल सैलरी के आधे से ज्यादा महंगी कार खरीदने से बचना चाहिए. मान लीजिए आपकी सैलरी 10 लाख रुपये सालाना है तो आपको कोशिश करनी चाहिए कि आप 5 लाख रुपये से ज्यादा की कार ना खरीदें. अगर आप कोई महंगी कार खरीदना चाहते हैं तो पहले सैलरी बढ़ने का इंतजार करें, वरना आपका बजट बिगड़ सकता है.
2/5आपको अपने करियर के किस स्टेज में कार खरीदनी चाहिए, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आपकी सैलरी कितनी है और आपको कौन सी कार खरीदनी है. जब आपकी कुल सैलरी आपकी पसंदीदा कार की कीमत से दोगुनी हो जाए, तब आप आसानी से कार लोन लेकर कार खरीद सकते हैं. कई लोग सोचते हैं कि लोन ही लेना है तो उसमें ज्यादा क्यों सोचना, लेकिन अगर आप बहुत ज्यादा महंगी कार खरीद लेंगे तो आपका बजट बिगड़ सकता है.
3/5अगर इस फॉर्मूले को फॉलो किया जाए तो बजट नहीं बिगड़ता है. इसमें तीन चीजें हैं, पहली ये है कि आपको अपने कार की कीमत का करीब 20 फीसदी डाउन पेमेंट में देना चाहिए. दूसरा प्वाइंट ये है कि आप जो कार लोन लें वह 4 साल से अधिक की अवधि का नहीं होना चाहिए. वहीं तीसरा प्वाइंट ये है कि कार लोन की ईएमआई आपकी सैलरी के 10 फीसदी हिस्से से अधिक नहीं होनी चाहिए.
4/5सबसे पहले तो आप ये कोशिश करें कि कार खरीदने के दौरान ज्यादा से ज्यादा डाउन पेमेंट करें. इससे आपको कम ब्याज चुकाना होगा. ऐसे में आप चाहें तो अपनी लोन की अवधि कम भी करा पाएंगे या अपनी ईएमआई कम करवा सकेंगे. अगर आपके पास पहले से ही कोई कार है तो कार लोन लेकर गाड़ी खरीदने के बजाय पैसे बचाकर और उनसे निवेश कर के कार खरीदने की सोचें.
5/5अगर पैसे बचाने हैं तो लेटेस्ट मॉडल के चक्कर में ना पड़ें. जो लेटेस्ट कार आती है, उसकी कीमत ज्यादा ही रहती है या यूं कहें कि उस पर डिस्काउंट नहीं मिलते हैं. वहीं कुछ समय बाद कार पर अच्छा डिस्काउंट मिलता है. साथ ही ये भी पता चल जाता है कि कार का परफॉर्मेंस कैसा है, तो आपको इस बात का फैसला करने में और आसानी होती है कि कौन सी कार खरीदें.