फाइनेंशियल पोर्टफोलियो में शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म, दोनों तरह के इन्वेस्टमेंट शामिल करने के लिए कहा जाता है. शॉर्ट टर्म इन्वेस्टमेंट का फायदा ये है कि इन पर समय-समय पर आप ब्याज भी कमाते रहते हैं और अगर मुश्किल समय आए तो आपको एकदम से लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट को छूने की जरूरत नहीं पड़ती. ऐसे में शॉर्ट टर्म इन्वेस्टमेंट काम आते हैं और आपके लिए वहां से फटाक से पैसों का इंतजाम हो जाता है. यहां जानिए वो ऑप्शंस जो आपको 1 या 2 साल के निवेश पर बेहतर मुनाफा दे सकते हैं.
1/5अगर आपके पास एकमुश्त पैसा है और आप उस पर मुनाफा कमाना चाहते हैं तो सबसे पहला ऑप्शन FD यानी Fixed Deposit है. एफडी को निवेश का काफी पसंदीदा विकल्प माना जाता है. आप किसी भी बैंक में 7 दिन से लेकर 10 साल तक की एफडी करवा सकते हैं. अलग-अलग टाइम पीरियड के हिसाब से ब्याज दर भी अलग-अलग होती है. वहीं पोस्ट ऑफिस में भी आपको 1 साल से लेकर 5 साल तक की एफडी का विकल्प मिलता है, आप उसे भी चुन सकते हैं. एफडी कराने से पहले बैंकों और पोस्ट ऑफिस की ब्याज दरों को कंपेयर करें, उसके बाद एक साल की एफडी करवाएं. SBI में 211 दिन से 1 साल तक की एफडी पर 6.30% आम लोगों को और 6.80% सीनियर सिटीजंस को ब्याज दिया जा रहा है. पोस्ट ऑफिस में 1 साल की एफडी पर 6.90% ब्याज मिल रहा है.
2/5आप चाहें तो शॉर्ट टर्म के लिए कॉर्पोरेट एफडी में भी निवेश कर सकते हैं. कई कंपनियां अपने कारोबार के लिए मार्केट से पैसा जुटाती हैं और इसके लिए वो कंपनी एफडी जारी करती हैं. यह बिल्कुल उसी तरह से काम करती है, जैसे बैंक एफडी. इसके लिए फॉर्म कंपनी जारी करती है, जिसे ऑनलाइन भी भर सकते हैं. कॉर्पोरेट एफडी में ब्याज दर बैंक एफडी की तुलना में ज्यादा होती है. हालांकि बैंक एफडी की तुलना में कॉर्पोरेट एफडी के मामले में जोखिम थोड़ा ज्यादा होता है. लेकिन मजबूत और ज्यादा रेटिंग वाली कंपनियों की एफडी में जोखिम कम होता है. आमतौर पर कॉरपोरेट एफडी का मैच्योरिटी पीरियड 1 से 5 साल तक होता है. आप अपनी सहूलियत के मुताबिक कोई भी अवधि चुन सकते हैं. ऐसी कंपनियां जिनकी रेटिंग ऊंची होती है, वे तमाम अवधि की कॉर्पोरेट एफडी पर 9.25% - 10.75% तक ब्याज की पेशकश करती हैं.
3/5अगर आप हर महीने की गई बचत को निवेश करना चाहते हैं और गारंटीड रिटर्न को पसंद करते हैं तो आप रेकरिंग डिपॉजिट का ऑप्शन चुन सकते हैं. ये स्कीम एक तरह की गुल्लक की तरह है, जिसमें हर महीने आपको एक निश्चित अमाउंट जमा करना होता है. मैच्योरिटी पर आपको कुल रकम ब्याज समेत मिलती है. आरडी में भी आप 1 साल से लेकर अलग-अलग अवधि का विकल्प चुन सकते हैं. सभी बैंकों में आपको आरडी की सुविधा मिल जाएगी. आप तमाम बैंकों में आरडी पर मिलने वाली ब्याज दर की तुलना करें और जहां भी ज्यादा ब्याज मिले वहां पैसा इन्वेस्ट करें. SBI में एक साल की आरडी पर 6.80% सामान्य लोगों को और 7.30% सीनियर सिटीजन को ब्याज मिल रहा है. पोस्ट ऑफिस आरडी पर ब्याज दर 6.70% है, लेकिन वहां इसकी अवधि 5 साल की होती है.
4/5एक साल के लिए निवेश करना है तो आप डेट म्यूचुअल फंड का विकल्प भी चुन सकते हैं और 12 महीनों के लिए पैसा इसमें निवेश कर सकते हैं. आप डेट फंड में जो भी निवेश करते हैं, उसे सुरक्षित जगह पर निवेश किया जाता है. आमतौर पर डेट फंड की तय मैच्योरिटी डेट होती है. इसमें भी आपको काफी अच्छा रिटर्न मिल सकता है.
5/5आप चाहें तो शॉर्ट टर्म के लिए मार्केट में SIP भी शुरू कर सकते हैं. इसमें भी आप अपने बजट के हिसाब से हर महीने एक निश्चित रकम हर महीने जमा कर सकते हैं और जब चाहे इस SIP को बंद करवाकर अपना पैसा इस्तेमाल कर सकते हैं. SIP में तमाम स्कीम्स से बेहतर रिटर्न मिल सकता है. आमतौर पर एक्सपर्ट इसका औसतन रिटर्न 12 फीसदी का मानते हैं. लेकिन मार्केट लिंक्ड होने के कारण इसमें जोखिम होता है, ऐसे में रिटर्न की गारंटी नहीं ली जा सकती.