&format=webp&quality=medium)
LIC Saral Pension Plan: पैसे को बुढ़ापे की लाठी कहा जाता है क्योंकि बुढ़ापे में आपका शरीर मेहनत करने के लायक नहीं रहता है. ऐसे में अगर आपके पास पैसा न हो तो छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी आप दूसरों पर निर्भर हो जाते हैं. इसलिए समझदारी इसी में है कि आप नौकरी के साथ ही अपने रिटायरमेंट प्लानिंग करना शुरू कर दें और उन स्कीम्स में निवेश करें, जिससे बुढ़ापे पर आपको रेगुलर इनकम होती रहे.
एलआईसी का सरल पेंशन प्लान (LIC Saral Pension Plan) इस मामले में आपके काफी काम आ सकता है. सरल पेंशन प्लान की खास बात ये है कि इसमें पेंशन लेने के लिए आपको 60 साल की उम्र का इंतजार नहीं करना होगा. आप 40 की उम्र से ही पेंशन का फायदा ले सकते हैं. जानिए इस स्कीम से जुड़ी तमाम जरूरी बातें
एलआईसी का सरल पेंशन प्लान एक इमीडिएट एन्यूटी प्लान है. आपको इसमें पॉलिसी लेने के साथ ही पेंशन मिलना शुरू हो जाती है. इस स्कीम के तहत पॉलिसी खरीदते वक्त सिर्फ आपको केवल एक बार प्रीमियम का भुगतान करना पड़ता है. प्रीमियम के भुगतान के बाद से ही पॉलिसीहोल्डर को पेंशन मिलनी शुरू हो जाती है और जितनी पेंशन पहली बार मिलती है, उतनी ही जीवनभर मिलती रहती है. अगर पॉलिसी खरीदने वाले की किसी कारण मृत्यु हो जाए तो उसकी जमा रकम उसके नॉमिनी को लौटा दी जाती है.
सरल पेंशन प्लान का फायदा दो तरह से लिया जा सकता है. पहला सिंगल लाइफ और दूसरा जॉइंट लाइफ. सिंगल लाइफ में जब तक पॉलिसी धारक जीवित रहेगा, उसे पेंशन मिलती रहेगी. मृत्यु के बाद नॉमिनी को निवेश की रकम लौटा दी जाएगी. वहीं जॉइंट लाइफ पति-पत्नी दोनों को कवर करता है. इसमें प्राइमरी पॉलिसीधारक के जीवित रहने तक उसको पेंशन दी जाती है. मृत्यु के बाद उसके जीवनसाथी को पेंशन का लाभ मिलता है. दोनों की मृत्यु होने पर जमा राशि नॉमिनी को दे दी जाती है.
सरल पेंशन योजना के तहत आप 1000 रुपए मासिक पेंशन ले सकते हैं और अधिकतम की कोई सीमा नहीं है. ये पेंशन आपके निवेश की हुई राशि पर निर्भर करती है. पेंशन के लिए आपको मासिक, तिमाही, छमाही और वार्षिक पेंशन का विकल्प मिलता है. आप जिस विकल्प को चुनेंगे, उस हिसाब से आपको पेंशन दी जाएगी.
इस स्कीम में आपको पेंशन लेने के लिए रिटायरमेंट का इंतजार नहीं करना है. आप इसमें 40 साल से लेकर 80 साल तक की उम्र में कभी भी निवेश कर सकते हैं. अगर आप सरल पेंशन स्कीम में 40 साल की उम्र में निवेश करते हैं तो उसी उम्र से आपको पेंशन का लाभ मिलना शुरू हो जाती है, जो जीवनभर मिलेगी.
एलआईसी के इस प्लान में आपको लोन की भी सुविधा मिलती है. प्लान को खरीदने के 6 महीने बाद से आपको लोन की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी. किसी एमरजेंसी की स्थिति में अगर आप पॉलिसी को सरेंडर करना चाहते हैं, तो छह महीने बाद आपको ये सुविधा भी मिल जाती है.