&format=webp&quality=medium)
Sectoral vs Thematic Funds: भारतीय शेयर बाजार में वित्त वर्ष 2025 की पिछली दो तिमाहियों में तेज गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन अब बाजार में धीरे-धीरे रिकवरी के संकेत नजर आने लगे हैं. बीते एक महीने में प्रमुख इंडेक्सेस में सुधार देखा गया है, खासकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ घोषणाओं के बाद आई गिरावट के पश्चात. इस रिकवरी का असर म्यूचुअल फंड्स पर भी पड़ा है और कुछ फंड कैटेगरी ने शानदार रिटर्न दिए हैं. खासतौर पर सेक्टोरल-बैंकिंग, थीमैटिक-कंजंप्शन, थीमैटिक-ईएसजी, मिडकैप और लार्ज एंड मिडकैप फंड्स ने औसतन 5.07% तक का रिटर्न एक महीने में दिया है.
जब बाजार में किसी खास सेक्टर या थीम में तेजी आती है, तो सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स विशेष ध्यान आकर्षित करते हैं. लेकिन जहां अधिक रिटर्न की संभावना होती है, वहां उच्च जोखिम भी होता है. इसलिए, इन फंड्स में निवेश से पहले इनके स्वरूप और जोखिम को समझना बेहद जरूरी है.
सेक्टोरल फंड्स किसी एक विशेष सेक्टर में निवेश करते हैं, जैसे बैंकिंग, आईटी, फार्मा, इंफ्रास्ट्रक्चर या एफएमसीजी. उदाहरण के तौर पर, अगर आपने आईटी सेक्टर फंड में निवेश किया है, तो यह फंड केवल आईटी कंपनियों के शेयरों में ही निवेश करेगा. यानी अगर आईटी सेक्टर में तेजी आती है तो मुनाफा बढ़ेगा, लेकिन गिरावट आने पर नुकसान भी उतना ही गहरा होगा.
वहीं थीमैटिक फंड्स थोड़ा व्यापक दृष्टिकोण रखते हैं. ये किसी विशेष थीम के आधार पर निवेश करते हैं, जो एक से अधिक सेक्टर्स को कवर कर सकती है. उदाहरण के लिए, ईएसजी (Environmental, Social, Governance) फंड्स उन कंपनियों में निवेश करते हैं जो पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारियों और अच्छे कॉर्पोरेट गवर्नेंस का पालन करती हैं, चाहे वे किसी भी सेक्टर से जुड़ी हों.
इन फंड्स का सबसे बड़ा जोखिम है कंसंट्रेशन रिस्क, यानी आपका सारा पैसा कुछ चुनिंदा सेक्टरों या थीम पर निर्भर हो जाता है. यदि उस सेक्टर या थीम का प्रदर्शन खराब हो जाए, तो निवेश पर सीधा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. इन फंड्स में विविधता (Diversification) की कमी होती है, जिसके चलते जोखिम पारंपरिक इक्विटी म्यूचुअल फंड्स की तुलना में अधिक होता है. इसलिए, सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स उन निवेशकों के लिए उपयुक्त हैं जो उच्च जोखिम उठाने के लिए तैयार हैं और बाजार के रुझानों को अच्छी तरह समझते हैं.