&format=webp&quality=medium)
किस फंड में निवेश से मिलेगा सबसे ज्यादा रिटर्न
भारतीय निवेशकों के बीच म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. खासकर Flexi Cap, Multi Cap और Mid Cap फंड्स ऐसी कैटेगरीज हैं जिन्हें निवेशक लंबे समय से पसंद करते आए हैं. लेकिन सवाल यह है कि इन तीनों में से असल में सबसे ज्यादा कमाई किसने करवाई है? इस रिपोर्ट में हम आपको बताएंगे आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर, यानी AMFI (एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया) के डेटा के मुताबिक कि कौन-सी कैटेगरी सबसे आगे निकल रही है.
इन फंड्स का मतलब क्या है?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि Flexi Cap, Multi Cap और Mid Cap म्यूचुअल फंड्स का मतलब क्या होता है. पहले बात करते हैं फ्लेक्सी कैप फंड की. Flexi Cap फंड्स में कम से कम 65 प्रतिशत निवेश इक्विटी यानी शेयरों में होता है और फंड मैनेजर को यह आज़ादी होती है कि वह लार्ज, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में निवेश कर सके.
वहीं, Multi Cap फंड्स को कम से कम 25 प्रतिशत निवेश लार्ज, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में करना होता है. इससे पोर्टफोलियो में संतुलन बना रहता है और अलग-अलग साइज की कंपनियों में निवेश हो पाता है.
Mid Cap फंड्स की खासियत यह है कि इनमें कम से कम 65 प्रतिशत पैसा मिड साइज की कंपनियों में लगाया जाता है, यानी वे कंपनियां जो मार्केट वैल्यू में 101 से 250वें नंबर तक आती हैं.
किस फंड ने कितना दिया रिटर्न
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के डेटा के मुताबिक, समझिए किस कैटेगरी के टॉप परफॉर्मर फंड ने 5 सालों में कितना रिटर्न दिया-
Quant Flexi Cap Fund
Quant Flexi Cap Fund एक फ्लेक्सी कैप कैटेगरी का फंड है, जिसका मतलब है कि यह बड़ी, मिड और स्मॉल कंपनियों में बिना किसी सीमा के निवेश कर सकता है. इस फंड का बेंचमार्क Nifty 500 TRI है और इसका रिस्कोमीटर ‘Very High’ है, यानी इसमें जोखिम काफी ज्यादा है. Direct प्लान की मौजूदा NAV 108.7 रुपए (22 जुलाई 2025) है और इसने बीते 5 सालों में 31.58 प्रतिशत का सालाना रिटर्न दिया है.
Motilal Oswal Midcap Fund
Motilal Oswal Midcap Fund एक मिडकैप फंड है जो मिड साइज कंपनियों में निवेश करता है. इन कंपनियों में ग्रोथ की संभावना ज्यादा होती है, लेकिन बाजार उतार-चढ़ाव में थोड़ा जोखिम भी रहता है. इस फंड का बेंचमार्क Nifty Midcap 150 TRI है और रिस्कोमीटर इसे भी ‘Very High’ कैटेगरी में रखता है. इसके Direct प्लान की NAV 118.6 रुपए (22 जुलाई 2025) है और इसने बीते 5 सालों में 37.16 प्रतिशत का औसतन सालाना रिटर्न दिया है.
Nippon India Multicap Fund
Nippon India Multicap Fund एक मल्टीकैप फंड है, जिसमें बड़ी, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में 50:25:25 के रेशियो में निवेश किया जाता है. यानी यह फंड पूरे बाजार में संतुलित निवेश करता है, जिससे रिस्क और रिटर्न दोनों का बैलेंस बना रहता है. इसका बेंचमार्क Nifty 500 Multicap 50:25:25 Index है और इसका रिस्क भी 'Very High' कैटेगरी में आता है. इसके Direct प्लान की NAV 332.5 रुपए (22 जुलाई 2025) है और 5 साल का औसतन रिटर्न 32.56 प्रतिशत रहा है.
(डिस्क्लेमर: यहां स्टॉक्स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)