&format=webp&quality=medium)
SIP inflow in FY25.
SIP Inflow: पिछले कुछ सालों में SIP का क्रेज तेजी से बढ़ा है. वर्तमान समय में यह निवेश का सबसे इफेक्टिव तरीका बन गया है. अपने देश में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) निवेश वित्त वर्ष 2024-25 के पहले 11 महीने (अप्रैल-फरवरी अवधि में) में 2,63,426 करोड़ रुपए रहा है. यह जानकारी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) द्वारा बुधवार को जारी डेटा से मिली. यह आंकड़ा SIP निवेश में सालाना आधार पर 32.23 फीसदी की बढ़त को दिखाता है. FY24 में SIP के जरिए निवेश 1,99,219 करोड़ रुपए था.
SIP निवेश में बढ़ोतरी बाजार में निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दिखाता है. फरवरी 2025 में SIP निवेश 25,999 करोड़ रुपए रहा है, जो कि जनवरी 2025 में 26,400 करोड़ रुपए था. AMFI के डेटा के मुताबिक, फरवरी में 44.56 लाख नई SIP शुरू हुई हैं. हालांकि, इस दौरान 55 लाख के करीब SIP बंद भी हुई हैं. लगातार बढ़ते निवेश के कारण SIP एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 12.38 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कि म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के कुल एसेट्स के 19.2 फीसदी के बराबर है. AMFI द्वारा प्रस्तुत नए आंकड़ों से पता चला है कि फरवरी के दौरान 8.26 करोड़ SIP खातों ने निवेश में सक्रिय योगदान दिया.
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के नेहल मेश्राम के अनुसार, घरेलू निवेशकों ने फरवरी 2025 में इक्विटी-ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड में अपनी मजबूत भागीदारी जारी रखी है. इससे इस सेगमेंट में शुद्ध निवेश लगातार 48वें महीने सकारात्मक रहा है.बाजार में हालिया अस्थिरता के बावजूद, दीर्घकालिक निवेशक अपनी निवेश रणनीतियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं, जो बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच अनुशासित निवेश के महत्व को दर्शाता है. मेश्राम ने आगे कहा, "हालांकि, छोटी अवधि में प्रतिकूल परिस्थितियों ने निवेश प्रवाह को कम कर दिया है, लेकिन निरंतर निवेश से संकेत मिलता है कि घरेलू निवेशकों का विश्वास मजबूत बना हुआ है."