जुलाई में अगर म्यूचुअल फंड में करना है Invest तो बेस्ट ऑप्शन क्या होगा? AMFI के आंकड़े बता रहे इंडिया की पसंद

म्यूचुअल फंड्स का बाजार जून में बेहद एक्टिव रहा और जुलाई में भी इसके और तेज होने की संभावना है. अगर आप भी म्यूचुअल फंड में निवेश की सोच रहे हैं, तो यह समय सही हो सकता है.
जुलाई में अगर म्यूचुअल फंड में करना है Invest तो बेस्ट ऑप्शन क्या होगा? AMFI के आंकड़े बता रहे इंडिया की पसंद

जुलाई में निवेश का बेस्ट ऑप्शन.

जुलाई में अगर आप म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो जून के ट्रेंड्स आपको बेहतर फैसला लेने में मदद कर सकते हैं. AMFI (एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया) के ताजा आंकड़े बताते हैं कि बीते महीने निवेशकों ने म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में रिकॉर्ड स्तर पर पैसा लगाया. कुल मिलाकर म्यूचुअल फंड सेक्टर में नेट इनफ्लो लगभग 49,095 करोड़ रुपये का रहा, जो दिखाता है कि लोग इक्विटी और हाइब्रिड स्कीम्स में भरोसा दिखा रहे हैं.

SIP में रिकॉर्ड ब्रेक इनफ्लो

Systematic Investment Plan (SIP) के जरिए निवेश का ट्रेंड लगातार मजबूती पकड़ रहा है. जून में SIP के जरिए कुल इनफ्लो 27,269 करोड़ रुपये रहा, जो मई के मुकाबले करीब 581 करोड़ रुपये ज्यादा है. यह अब तक का सबसे ऊंचा SIP इनफ्लो है और इससे यह साफ हो गया है कि निवेशकों का भरोसा म्यूचुअल फंड पर बना हुआ है.

इक्विटी फंड्स बना निवेशकों की पहली पसंद

जून महीने में ओपन एंडेड इक्विटी फंड्स में लगभग 23,587 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो आया. इसके साथ ही इक्विटी फंड्स का AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) भी करीब 4 फीसदी की बढ़त के साथ 33.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया. सबसे ज्यादा निवेश फ्लेक्सी कैप फंड्स और स्मॉलकैप फंड्स में हुआ. फ्लेक्सी कैप फंड्स में इनफ्लो रहा करीब 5733 करोड़ रुपये और स्मॉलकैप फंड्स में 4025 करोड़ रुपये का निवेश आया.

हाइब्रिड फंड्स की तरफ भी निवेशकों का रुझान

ओपन एंडेड हाइब्रिड फंड्स में भी बड़ा इनफ्लो देखने को मिला. जून में इस कैटेगरी में करीब 23,223 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो हुआ. हाइब्रिड फंड्स का कुल AUM भी 3.8 फीसदी बढ़कर 9.92 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया.

लिक्विड फंड्स और डेट फंड्स से निकासी

जहां एक ओर इक्विटी और हाइब्रिड फंड्स में निवेश बढ़ा, वहीं लिक्विड फंड्स और कुछ डेट फंड्स में निकासी देखने को मिली. लिक्विड फंड्स से जून में करीब 25,196 करोड़ रुपये की निकासी हुई.

जबकि, ओपन एंडेड डेट फंड्स से भी 1711 करोड़ रुपये का आउटफ्लो रहा, हालांकि इस कैटेगरी का कुल AUM अभी भी 17.58 लाख करोड़ रुपये बना हुआ है.

गोल्ड ETF और आर्बिट्राज फंड्स में निवेश की नई लहर

गोल्ड आधारित निवेश में भी लोगों की दिलचस्पी देखने को मिली. गोल्ड ETF में करीब 2081 करोड़ रुपये का इनफ्लो हुआ. इसका कुल AUM अब बढ़कर 64,777 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, आर्बिट्राज फंड्स में भी बड़ा निवेश आया, जून में लगभग 15,585 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज किया गया.

कॉरपोरेट बॉन्ड फंड्स और थीमैटिक फंड्स में हलचल

जून में कॉरपोरेट बॉन्ड फंड्स में 7124 करोड़ रुपये का इनफ्लो देखने को मिला. वहीं, थीमैटिक फंड्स में करीब 476 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो दिखाता है कि कुछ निवेशक अभी भी सेक्टर- खास अवसरों की तलाश में हैं.

जुलाई में कहां करें निवेश?

इन आंकड़ों से यह साफ है कि जुलाई में भी इक्विटी, फ्लेक्सी कैप, स्मॉलकैप और हाइब्रिड फंड्स निवेश के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं. SIP के जरिए लॉन्ग टर्म निवेश करने वाले निवेशकों को भी बाजार की मौजूदा स्थिति का फायदा मिल सकता है. हालांकि, किसी भी फंड में पैसा लगाने से पहले अपनी जोखिम क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखना जरूरी है.

(डिस्‍क्‍लेमर: यहां स्‍टॉक्‍स में निवेश की सलाह ब्रोकरेज हाउस द्वारा दी गई है. ये जी बिजनेस के विचार नहीं हैं. निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें.)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6