हेज फंड और म्यूचुअल फंड में क्या अंतर होता है? निवेश करने से पहले जानिए हर एक सवाल का जवाब

हेज फंड और म्यूचुअल फंड में बड़ा फर्क है. म्यूचुअल फंड छोटे निवेशकों के लिए सुरक्षित और पारदर्शी विकल्प हैं, जबकि हेज फंड अमीर निवेशकों के लिए ज्यादा जोखिम और संभावित ज्यादा रिटर्न का जरिया. निवेश से पहले इन दोनों के नियम, फीस, टैक्स और रिस्क को समझना जरूरी है.
हेज फंड और म्यूचुअल फंड में क्या अंतर होता है? निवेश करने से पहले जानिए हर एक सवाल का जवाब

भारत में पिछले कुछ सालों में म्यूचुअल फंड ने आम निवेशकों की पहली पसंद के रूप में जगह बनाई है. "म्यूचुअल फंड सही है" जैसे कैंपेन ने छोटे-छोटे निवेशकों को भी इस मार्केट से जोड़ दिया है. खासकर SIP ने हर महीने की बचत को बड़े फंड में बदलने का रास्ता दिखाया है. यही वजह है कि आज करोड़ों लोग इक्विटी, डेट और हाइब्रिड फंड में निवेश कर रहे हैं.

लेकिन अब धीरे-धीरे निवेशकों की दिलचस्पी हेज फंड (Hedge Funds) की ओर भी बढ़ रही है. हालांकि, ज्यादातर लोग अब भी नहीं जानते कि हेज फंड और म्यूचुअल फंड में अंतर क्या है, इनमें कौन निवेश कर सकता है, जोखिम कितना होता है और किससे ज्यादा रिटर्न मिलने की संभावना है. आइए आसान भाषा में इस पूरे अंतर को समझते हैं.

म्यूचुअल फंड क्या है?

Add Zee Business as a Preferred Source

म्यूचुअल फंड एक ऐसा निवेश साधन है जिसमें कई निवेशकों का पैसा मिलाकर एक बड़ा कॉर्पस बनाया जाता है. इस पैसे को फंड मैनेजर शेयर, बॉन्ड, डेट इंस्ट्रूमेंट, गवर्नमेंट सिक्योरिटी और अन्य जगह निवेश करता है. म्यूचुअल फंड कई तरह के होते हैं - इक्विटी फंड, डेट फंड, हाइब्रिड फंड, सॉल्यूशन-ओरिएंटेड फंड, इंडेक्स फंड और ETF.

हर कैटेगरी का एक निश्चित निवेश उद्देश्य होता है. जैसे, लार्ज कैप फंड को कम से कम 80% निवेश लार्ज कैप कंपनियों में करना ही होता है. इसी तरह, डेट फंड की 16 सब-कैटेगरी हैं, जो मैच्योरिटी और निवेश पैटर्न के आधार पर तय होती हैं. हाइब्रिड फंड इक्विटी, डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट का मिश्रण होते हैं.

म्यूचुअल फंड को SEBI (Mutual Fund Regulations, 1996) के तहत सख्त निगरानी में रखा जाता है. इसमें पारदर्शिता बहुत ज्यादा है, क्योंकि फंड हाउस को हर महीने-तिमाही निवेशकों को पोर्टफोलियो और रिस्क की जानकारी देनी होती है.

कौन निवेश कर सकता है?

म्यूचुअल फंड आम तौर पर रिटेल और HNI (High Networth Investors) दोनों के लिए बने हैं. आप इसमें सिर्फ ₹500 से भी निवेश शुरू कर सकते हैं.

हेज फंड क्या है?

हेज फंड म्यूचुअल फंड की तरह ही कई निवेशकों से पैसा इकट्ठा करते हैं, लेकिन यह प्राइवेट इन्वेस्टमेंट पूल होते हैं. इनका मकसद है - ज्यादा रिटर्न कमाना, चाहे मार्केट ऊपर जाए या नीचे. हेज फंड के फंड मैनेजर अलग-अलग स्ट्रेटेजी अपनाते हैं, जैसे-

लॉन्ग और शॉर्ट पोजिशन: शेयर ऊपर-नीचे दोनों स्थितियों से फायदा कमाना.

शॉर्ट सेलिंग: जब बाजार गिरे तो मुनाफा.

डेरिवेटिव और लीवरेज: ज्यादा जोखिम लेकर तेजी से रिटर्न पाने की कोशिश.

अरबिट्राज: कैश और फ्यूचर्स मार्केट के दामों का फर्क पकड़कर मुनाफा.

इवेंट बेस्ड स्ट्रेटेजी: M&A, डिमर्जर या किसी बड़ी कॉर्पोरेट खबर से फायदा.

ग्लोबल मैक्रो ट्रेंड: ब्याज दर, पॉलिटिक्स या आर्थिक चक्र का अनुमान लगाकर निवेश.

डिस्ट्रेस्ड सिक्योरिटी: डूबती कंपनियों में निवेश कर उन्हें turnaround करना.

हेज फंड का मकसद ज्यादा मुनाफा है, लेकिन इसके साथ रिस्क भी उतना ही बड़ा होता है.

कौन निवेश कर सकता है?

भारत में हेज फंड को Alternative Investment Funds (AIF) - Category III कहा जाता है.

इसमें सिर्फ अमीर निवेशक (Ultra HNIs) और संस्थागत निवेशक निवेश कर सकते हैं.

न्यूनतम निवेश सीमा है - ₹1 करोड़ (10 मिलियन रुपये).

नियम और निगरानी

म्यूचुअल फंड- सेबी की कड़ी निगरानी में चलते हैं. इसमें पारदर्शिता ज्यादा होती है.

हेज फंड- सेबी (Alternative Investment Funds Regulations, 2012) के तहत आते हैं, लेकिन म्यूचुअल फंड की तुलना में इन पर निगरानी कम है और पारदर्शिता भी कम होती है.

फीस और खर्च

म्यूचुअल फंड- इनका खर्च अनुपात (Expense Ratio) 0.8% से 2.25% तक होता है.

हेज फंड- ये लगभग 2% मैनेजमेंट फीस लेते हैं, साथ ही प्रॉफिट पर परफॉर्मेंस फीस भी चार्ज करते हैं. यानी अगर फंड मुनाफा कमाता है तो निवेशकों को उसका हिस्सा देना पड़ता है.

निवेशकों के काम की बात

अगर आप साधारण निवेशक हैं और ₹500 से ₹50,000 तक निवेश करना चाहते हैं तो म्यूचुअल फंड आपके लिए सही विकल्प हैं. ये सुरक्षित, पारदर्शी और नियमबद्ध होते हैं.

लेकिन अगर आप अत्यधिक अमीर निवेशक हैं, आपके पास करोड़ों रुपये हैं और आप ज्यादा रिस्क लेकर ज्यादा रिटर्न कमाना चाहते हैं, तो हेज फंड आपके लिए हो सकते हैं.

म्यूचुअल फंड आम निवेशकों के लिए भरोसेमंद और लंबे समय के लिए बेहतर साधन हैं. वहीं, हेज फंड उन लोगों के लिए हैं जिनके पास ज्यादा पूंजी है और वे उच्च जोखिम उठाकर असाधारण रिटर्न पाना चाहते हैं.

निवेश करने से पहले यह समझना जरूरी है कि आपकी जोखिम उठाने की क्षमता (Risk Appetite) कितनी है और आपका निवेश लक्ष्य (Financial Goal) क्या है. गलत प्रोडक्ट में निवेश करने से नुकसान झेलना पड़ सकता है.

खबर से जुड़े FAQs

Q1. म्यूचुअल फंड और हेज फंड में सबसे बड़ा फर्क क्या है?

म्यूचुअल फंड आम निवेशकों के लिए हैं, जबकि हेज फंड केवल अमीर और संस्थागत निवेशकों के लिए.

Q2. हेज फंड में न्यूनतम निवेश कितना होता है?

भारत में हेज फंड (AIF Category III) में न्यूनतम ₹1 करोड़ का निवेश करना पड़ता है.

Q3. म्यूचुअल फंड में न्यूनतम निवेश कितना होता है?

म्यूचुअल फंड में आप सिर्फ ₹500 से भी SIP शुरू कर सकते हैं.

Q4. किसमें ज्यादा रिस्क है - हेज फंड या म्यूचुअल फंड?

हेज फंड में रिस्क बहुत ज्यादा है, जबकि म्यूचुअल फंड अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाते हैं.

Q5. क्या हेज फंड पर टैक्स अलग तरीके से लगता है?

हां, हेज फंड का टैक्सेशन जटिल होता है और अक्सर बिजनेस इनकम के रूप में टैक्स लगता है.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6