&format=webp&quality=medium)
म्यूचुअल फंड निवेश का 'साइलेंट किलर'
जब आप म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू करते हैं, तो आपका पूरा ध्यान इस बात पर होता है कि कौन सा फंड 20% रिटर्न दे रहा है या किस फंड को 'फाइव स्टार' रेटिंग मिली है. लेकिन क्या आपने कभी उस 'साइलेंट किलर' पर ध्यान दिया है जो आपकी मेहनत की कमाई को दीमक की तरह धीरे-धीरे चाट रहा है?
हम बात कर रहे हैं एक्सपेंस रेशियो (Expense Ratio) की. सुनने में 1% का अंतर बहुत छोटा लगता है, लेकिन जब बात 20 साल के निवेश की आती है, तो यही 1% आपके हाथ से ₹15 लाख से लेकर ₹31 लाख तक छीन सकता है. आइए समझते हैं कि म्यूचुअल फंड के 'डायरेक्ट' और 'रेगुलर' प्लान का वो गणित, जिसे समझना हर निवेशक के लिए जरूरी है.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें-
म्यूचुअल फंड की दुनिया में दो तरह के रास्ते होते हैं- Direct (डायरेक्ट) और Regular (रेगुलर).
रेगुलर प्लान: इसमें आप किसी एजेंट या डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए निवेश करते हैं. म्यूचुअल फंड कंपनियां इन एजेंटों को कमीशन देती हैं, जो आपकी जेब से 'एक्सपेंस रेशियो' के रूप में काटा जाता है. यह आमतौर पर 0.5% से 1.5% तक सालाना होता है.
डायरेक्ट प्लान: यहां आप सीधे म्यूचुअल फंड कंपनी से जुड़ते हैं. बीच में कोई एजेंट नहीं होता, इसलिए कोई कमीशन भी नहीं होता. यही वजह है कि डायरेक्ट प्लान का एक्सपेंस रेशियो कम होता है.
ऐतिहासिक डेटा बताता है कि पिछले 20 वर्षों में 80 से अधिक इक्विटी फंडों का एनालिसिस करने पर पाया गया कि लगभग 60% फंडों ने 12% से अधिक का सालाना रिटर्न (CAGR) दिया है. अगर हम 12% को एक मानक (Benchmark) मानें, तो रेगुलर प्लान में कमीशन कटने के बाद आपका प्रभावी रिटर्न घटकर 11% रह जाता है. अब देखिए कि यह 1% का फासला आपकी दौलत में कितनी बड़ी खाई पैदा करता है.
ज्यादातर नौकरीपेशा लोग SIP (Systematic Investment Plan) के जरिए निवेश करते हैं. मान लीजिए आप हर महीने ₹12,000 की SIP अगले 20 साल के लिए करते हैं.
डायरेक्ट प्लान (अनुमानित 12% रिटर्न):
20 साल बाद आपका कुल फंड: लगभग ₹1,19,89,615 (करीब 1.20 करोड़ रुपये)
रेगुलर प्लान (11% रिटर्न):
20 साल बाद आपका कुल फंड: लगभग ₹1,04,82,476 (करीब 1.05 करोड़ रुपये)
सिर्फ 1% के कमीशन के कारण आपको ₹15,07,139 का सीधा नुकसान हुआ. यह रकम इतनी बड़ी है कि इससे आपके बच्चे की उच्च शिक्षा या रिटायरमेंट का एक बड़ा हिस्सा फंड हो सकता था. इसे 'इनविजिबल लीकेज' कहते हैं वो पैसा जो आपकी जेब में आ सकता था, लेकिन कमीशन में चला गया.
ये भी पढ़ें: म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले ध्यान दें! 1 अप्रैल से बदल गया खर्चों का गणित, SEBI के नए नियम आज से हुए लागू
अगर आप SIP के बजाय एक बड़ी राशि, मान लीजिए ₹20 लाख, एक बार में निवेश करते हैं और उसे 20 साल तक नहीं छूते, तो आंकड़े और भी डरावने हैं-
डायरेक्ट प्लान (12% रिटर्न):
20 साल बाद ₹20 लाख बढ़कर हो जाएंगे: लगभग ₹1,92,92,586 (करीब 1.93 करोड़ रुपये)
रेगुलर प्लान (11% रिटर्न):
20 साल बाद ₹20 लाख बढ़कर हो जाएंगे: लगभग ₹1,61,24,606 (करीब 1.61 करोड़ रुपये)
यहां 1% के छोटे से अंतर ने आपकी संपत्ति को ₹31,67,980 से कम कर दिया. यानी आपने बिना कुछ किए, सिर्फ प्लान के चुनाव में गलती करके ₹31 लाख से ज्यादा की चपत लगवा ली.
कंपाउंडिंग यानी 'चक्रवृद्धि ब्याज' का नियम कहता है कि समय बढ़ने के साथ आपका पैसा तेजी से बढ़ता है. लेकिन यही नियम खर्चों पर भी लागू होता है. जब आप 1% कमीशन देते हैं, तो वह सिर्फ उस साल का 1% नहीं होता. उस 1% पर जो भविष्य में रिटर्न मिलना था, आप उसे भी खो देते हैं.
कमीशन का हर एक रुपया, जो निवेश नहीं हो पाया, वह आपके भविष्य की दौलत को छोटा करता चला जाता है. 20 साल के लंबे सफर में समय इस छोटी सी लागत को एक बहुत बड़े आर्थिक नुकसान में बदल देता है.
गणित तो यही कहता है कि डायरेक्ट प्लान में पैसा ज्यादा बनता है, लेकिन निवेश सिर्फ गणित नहीं है, यह व्यवहार (Behavior) भी है. कुछ स्थितियों में रेगुलर प्लान भी सही साबित हो सकता है-
फाइनेंशियल प्लानिंग और चयन: अगर आपको हजारों म्यूचुअल फंड स्कीम्स में से सही फंड चुनना नहीं आता, तो एक प्रोफेशनल एडवाइजर आपकी मदद कर सकता है.
पोर्टफोलियो मॉनिटरिंग: जब कोई फंड खराब प्रदर्शन करता है, तो उसे कब बदलना है, इसकी सलाह जरूरी होती है.
अनुशासन और हैंड-होल्डिंग: सबसे महत्वपूर्ण बात है 'व्यवहार'. जब शेयर बाजार बुरी तरह गिरता है, तो अक्सर निवेशक डरकर अपना पैसा निकाल लेते हैं (Panic Selling). अगर एक एडवाइजर आपको उस वक्त रोक लेता है और निवेश बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है, तो वह आपके 1% खर्च के बदले आपको 30-40% के बड़े नुकसान से बचा सकता है.
डायरेक्ट प्लान चुनें अगर आप खुद रिसर्च कर सकते हैं, आपके पास बाजार को ट्रैक करने का समय है, और आप गिरते बाजार में बिना किसी की सलाह के शांत रह सकते हैं.
रेगुलर प्लान चुनें अगर आप निवेश के मामले में नए हैं, आपके पास समय की कमी है, और आपको एक ऐसे 'सारथी' की जरूरत है जो उतार-चढ़ाव के समय आपको सही रास्ता दिखा सके.
आर्टिकल से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल (FAQs)
Q1 Direct और Regular प्लान में मुख्य फर्क क्या है?
फर्क सिर्फ Expense Ratio का होता है. बाकी सब चीजें समान रहती हैं.
Q2 1% का फर्क इतना बड़ा कैसे बन जाता है?
कंपाउंडिंग के कारण यह फर्क समय के साथ बढ़ता जाता है.
Q3 SIP में कितना फर्क पड़ सकता है?
करीब 15 लाख रुपये तक का अंतर आ सकता है.
Q4 Lumpsum में नुकसान ज्यादा क्यों होता है?
क्योंकि पूरा पैसा शुरुआत से ही निवेश में होता है, जिस पर हर साल असर पड़ता है.
Q5 क्या Direct प्लान हर किसी के लिए सही है?
नहीं. यह उन लोगों के लिए सही है जो खुद निवेश को समझते और संभाल सकते हैं.