&format=webp&quality=medium)
AMFI Data: फरवरी महीने में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में निवेशकों की दिलचस्पी बनी रही. हालांकि कुल नेट इनफ्लो में कुछ कमी देखने को मिली, लेकिन इक्विटी फंड्स में निवेश बढ़ा है और मिडकैप व स्मॉलकैप फंड्स में निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है. SIP इन्फ्लो और Gold ETF में निवेश भी इस महीने घटा है.
फरवरी में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) करीब 81.01 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 82.03 लाख करोड़ रुपये हो गया. इस दौरान इंडस्ट्री में 42.58 लाख नए फोलियो जुड़े, जो निवेशकों की लगातार बढ़ती भागीदारी को दिखाता है.
हालांकि फ्लेक्सी कैप फंड्स में निवेश थोड़ा घटकर करीब 6924 करोड़ रुपये रहा, जो पहले करीब 7672 करोड़ रुपये था. फ्लेक्सी कैप फंड्स का कुल AUM लगभग 5.53 लाख करोड़ रुपये है.
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP के जरिए निवेश में हल्की कमी देखने को मिली है. SIP इनफ्लो 31,002 करोड़ रुपये से घटकर करीब 29,845 करोड़ रुपये रहा. हालांकि यह गिरावट ज्यादा चिंताजनक नहीं मानी जा रही, क्योंकि फरवरी में दिनों की संख्या कम होती है, जिससे SIP कलेक्शन पर असर पड़ता है.
डेट म्यूचुअल फंड्स में फरवरी में निवेश कम हुआ है. डेट फंड्स का AUM 18.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 19.43 लाख करोड़ रुपये हो गया. लेकिन डेट फंड्स में इनफ्लो 74,827 करोड़ रुपये से घटकर करीब 42,106 करोड़ रुपये रह गया.
फरवरी में गोल्ड ETF में निवेश में बड़ी गिरावट देखने को मिली. जनवरी में गोल्ड ETF में करीब 24,040 करोड़ रुपये का निवेश हुआ था. फरवरी में यह घटकर करीब 5254 करोड़ रुपये रह गया.
इंडेक्स फंड्स में फरवरी में निवेश में तेज बढ़त देखने को मिली. इनफ्लो जनवरी के करीब 27 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 3233 करोड़ रुपये हो गया. यह संकेत देता है कि निवेशक अब कम लागत वाले पैसिव फंड्स की तरफ भी तेजी से आकर्षित हो रहे हैं.
कुल मिलाकर फरवरी में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में निवेशकों की भागीदारी मजबूत बनी हुई है. इक्विटी फंड्स, खासकर मिडकैप और स्मॉलकैप कैटेगरी में बढ़ता निवेश यह दिखाता है कि निवेशक लंबी अवधि के लिए बाजार में भरोसा बनाए हुए हैं.