&format=webp&quality=medium)
Retirement Planning: पैसे को बुढ़ापे की ताकत माना जाता है. अगर ओल्ड ऐज में आपके पास अच्छा-खासा पैसा है, तो आपको कभी किसी पर न तो निर्भर होने की जरूरत होगी और न ही किसी से आर्थिक मदद के लिए हाथ फैलाने की जरूरत पड़ेगी. लेकिन बुढ़ापे को सिक्योर करने के लिए आपको जवानी के दिनों से ही रिटायरमेंट प्लानिंग करनी होगी और आपको ये कैलकुलेट करना होगा कि आखिर रिटायरमेंट के बाद आपके पास कितना पैसा होना चाहिए, जिससे आपका बुढ़ापा ऐश और आराम से गुजर सके. यहां जानिए इस मामले में क्या कहता है फाइनेंशियल रूल.
इस मामले में फाइनेंशियल एक्सपर्ट दीप्ति भार्गव की मानें तो आज के समय में आप जिस तरह की लाइफ को जी रहे हैं और आप चाहते हैं कि बुढ़ापे पर भी उसमें किसी तरह की कोई कमी न आए तो आपको 30X का नियम अपनाना चाहिए यानी आपका रिटायरमेंट फंड आपके आज के वार्षिक खर्च का कम से कम 30 गुना होना चाहिए. उदाहरण के लिए, अगर आपका वार्षिक खर्च आज के समय में 9,00,000 रुपए है यानी हर मासिक खर्च 75,000 रुपए है, तो 30X नियम के अनुसार, 9,00,000×30= 2,70,00,000 रुपए का रिटायरमेंट फंड इकट्ठा करना चाहिए.
बुढ़ापे के लिए इतनी बड़ी रकम इकट्ठी करने के लिए आपको लंबे समय वाली उन स्कीम्स में निवेश करना होगा, जो बेहतर रिटर्न दे सकें. आज के समय में म्यूचुअल फंड्स को रिटर्न के हिसाब से काफी अच्छी स्कीम माना जाता है. इसमें आप SIP के जरिए निवेश कर सकते हैं. एसआईपी में आपको हर महीने एक निश्चित अमाउंट जमा करना होता है. लॉन्ग टर्म में इसका औसतन रिटर्न 12 फीसदी माना गया है.
अगर आप 30 साल के हैं और 2,70,00,000 रुपए इकट्ठे करना चाहते हैं तो आपको कम से कम 7700 रुपए की एसआईपी लगातार 30 सालों तक चलानी होगी. ऐसे में 60 की उम्र पर आप 27,72,000 रुपए का निवेश करेंगे. 12 फीसदी के हिसाब से इस पर 2,44,08,336 रुपए का ब्याज मिलेगा और जब तक आप 60 के होंगे, आपके पास कुल 2,71,80,336 रुपए होंगे.
वहीं अगर आपकी उम्र 35 साल है तो आपको हर महीने आपको 14,500 रुपए की एसआईपी कम से कम 25 सालों तक चलानी होगी. 25 साल में आप कुल 43,50,000 निवेश करेंगे, 12 फीसदी के हिसाब से उस पर 2,31,65,709 रुपए ब्याज हासिल करेंगे और 60 की उम्र पर आपको कुल 2,75,15,709 मिलेंगे.