&format=webp&quality=medium)
महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए सरकार कई तरह की योजनाएं चलाती है. उन्हीं में से एक स्कीम ऐसी है जो महिलाओं को Business Women के तौर पर पहचान बनाने का मौका दे सकती है. इस स्कीम के तहत सरकार महिलाओं को 5 लाख रुपए तक का लोन देती है, वो भी बगैर किसी ब्याज के. स्कीम का नाम है लखपति दीदी योजना (Lakhpati didi Scheme).
इस स्कीम को सरकार एक अभियान की तरह चला रही है ताकि देश की बहनों और बेटियों को आर्थिक स्तर पर मजबूत किया जा सके. भारत सरकार ने इस योजना के जरिए लगभग तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने लक्ष्य तय किया है. यहां जानिए इस स्कीम से जुड़ी खास बातें.
लखपति दीदी योजना के तहत सरकार महिलाओं को 5 लाख रुपए तक का लोन देती है. खास बात ये है कि ये लोन इंटरेस्ट फ्री है. मतलब लोन लेने के बाद महिलाओं को सिर्फ उतना ही पैसा चुकाना है, जितना कर्ज के तौर पर उन्होंने लिया है. इस पर कोई अतिरिक्त ब्याज उनसे नहीं वसूला जाएगा. इस पैसे से कोई भी महिला अपना बिजनेस शुरू कर सकती है और खुद को आत्मनिर्भर बना सकती है.
स्कीम का फायदा लेने के लिए महिला को सबसे पहले किसी स्वयं सहायता समूह से जुड़ना होगा. स्वयं सहायता समूह यानी ऐसे छोटे समूह जहां मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली औरतें होती हैं और पैसे बचाने और एक-दूसरे को लोन देने के लिए ये एक साथ आती हैं. इसके बाद अगर कोई महिला अपना बिजनेस शुरू करना चाहती है तो उसे अपने क्षेत्रीय स्वयं सहायता समूह के कार्यालय में जाकर जरूरी दस्तावेज और अपने बिजनेस प्लान को जमा करना होगा.
लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (Self Help Group) से जुड़ी महिलाओं को सरकार की ओर से फाइनेंशियल और स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग दी जाती है, ताकि वो आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो सकें. ट्रेनिंग के दौरान महिलाओं को तमाम तरह के स्किल्स सिखाए जाते हैं और खुद का बिजनेस शुरू करने के टिप्स भी दिए जाते हैं.
ट्रेनिंग पूरी करने के बाद महिलाएं पोलट्री फॉर्मिंग, एलईडी बल्ब निर्माण, खेती बाड़ी, मशरूम की खेती, स्ट्रॉबेरी की खेती, पशु पालन, दुग्ध उत्पादन, हस्तशिल्प के काम, बकरी पालन के लिए और टेक होम राशन प्लांट जैसे कामों के लिए लोन ले सकती हैं और खुद का व्यवसाय शुरू करके पैसा कमा सकती हैं.