&format=webp&quality=medium)
अगर आप निवेश का मन बना लें तो मामूली कमाई करके भी निवेश शुरू कर सकते हैं और समय के साथ लाखों में रकम जोड़ सकते हैं. यहां जानिए ऐसी स्कीम्स के बारे में जिसमें सिर्फ 250 रुपए से भी निवेश की शुरुआत की जा सकती है और लंबे समय में लाखों रुपए जोड़े जा सकते हैं. ऐसे लोग जो डेली की इनकम पर निर्भर होते हैं या फिर महीने में मुश्किल से 5 से 10 हजार रुपए की कमाई कर पाते हैं, वो भी इन स्कीम्स में आसानी से पैसा इन्वेस्ट कर सकते हैं. यहां जानिए ऐसी कुछ स्कीम्स के बारे में.
अगर आप बेटी के भविष्य के लिए पैसा जोड़ना चाहते हैं तो सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर सकते हैं. इस स्कीम में आप 250 रुपए से निवेश की शुरुआत कर सकते हैं. इसमें 15 साल तक निवेश करना होता है और 21 साल में स्कीम मैच्योर होती है. मौजूदा समय में इस स्कीम पर 8.2 फीसदी के हिसाब से ब्याज मिल रहा है. अगर आप 250 रुपए महीने भी निवेश करेंगे तो साल में 3,000 रुपए इन्वेस्ट करेंगे और 15 साल में कुल 45,000 रुपए इन्वेस्ट करेंगे. 8.2% के हिसाब से 93,552 ब्याज के तौर पर मिलेंगे और इस तरह आप सिर्फ 250 रुपए महीने जमा करके बेटी के लिए कुल 1,38,552 रुपए तक जोड़ सकते हैं.
आप चाहें तो SIP में भी निवेश कर सकते हैं. हाल ही में SBI ने एक नई SIP की शुरुआत की है, जिसमें मात्र 250 रुपए से निवेश की शुरू कर सकते हैं. स्कीम का नाम है जन निवेश SIP. अगर आप इसमें 250 रुपए महीने जमा करते हैं और इस निवेश को 20 साल तक भी जारी करते हैं तो आप 60,000 का निवेश करेंगे. अगर 12 फीसदी रिटर्न के हिसाब से कैलकुलेट करें तो 1,89,786 रुपए आपको ब्याज के तौर पर मिलेंगे. इस तरह आप कुल 2,49,786 रुपए तक आसानी से जोड़ सकते हैं.
रिकरिंग डिपॉजिट एक गुल्लक की तरह होती है. ये स्कीम बैंक और पोस्ट ऑफिस दोनों जगह मौजूद है. पोस्ट ऑफिस में RD स्कीम 5 साल की होती है. इस स्कीम में सिर्फ 100 रुपए से निवेश की शुरुआत की जा सकती है. मौजूदा समय में इसमें 6.7% के हिसाब से ब्याज मिल रहा है. अगर आप 250 रुपए महीने भी जमा करते हैं तो 5 साल में कुल 15,000 रुपए निवेश करेंगे और 6.7% ब्याज के हिसाब से 2,841 रुपए ब्याज से कमाएंगे. इस तरह आपके 17,841 रुपए जमा हो जाएंगे.