&format=webp&quality=medium)
Income Tax: जब कोई भारतीय नागरिक विदेश में रहकर कमाई करता है या कोई विदेशी नागरिक (Non-Resident) भारत से पैसे कमाता है, तो कई बार एक ही कमाई पर दोनों देशों में टैक्स लग जाता है. इस दोहरे नुकसान से आम जनता और कारोबारियों को बचाने के लिए दुनिया के देश आपस में डबल टैक्सेशन अवॉइडेंस एग्रीमेंट (DTAA) करते हैं. इस समझौते के तहत टैक्सपेयर को केवल किसी एक ही देश में टैक्स देना होता है.
लेकिन, इस सरकारी छूट या संधि का फायदा उठाने के लिए टैक्सपेयर को यह साबित करना पड़ता है कि वह असल में किस देश का वैध टैक्स निवासी (Tax Resident) है. इसी साख को प्रमाणित करने के लिए टैक्स रेजीडेंसी सर्टिफिकेट (TRC-Tax Residency Certificate) की जरूरत पड़ती है. भारत में यह एक बेहद महत्वपूर्ण और आधिकारिक दस्तावेज है, जिसे आयकर विभाग (Income Tax Department) द्वारा किसी खास वित्तीय वर्ष (Financial Year) के लिए जारी किया जाता है. आइए इस पूरे नियम और इसे पाने के तरीके को समझते हैं.
नए नियमों और आयकर नियमावली 2026 के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले मुख्य फॉर्म की लिस्ट ये रही-
फॉर्म 42 (Form 42): भारतीय निवासियों की तरफ से टीआरसी (TRC) प्राप्त करने के लिए आयकर विभाग को दिया जाने वाला आवेदन पत्र (इसे पहले फॉर्म 10FA कहा जाता था).
फॉर्म 43 (Form 43): आवेदन की सही जांच करने के बाद असेसिंग ऑफिसर (AO) की तरफ से जारी किया जाने वाला असली टैक्स रेजीडेंसी सर्टिफिकेट (इसे पहले फॉर्म 10FB कहा जाता था).
फॉर्म 41 (Form 41): विदेशी नागरिकों या एनआरआइ (NRIs) की तरफ से भारत में डीटीएए (DTAA) के तहत टैक्स छूट का दावा करने के लिए भरी जाने वाली अतिरिक्त सूचना का फॉर्म (इसे पहले फॉर्म 10F कहा जाता था).
भारत के इनकम टैक्स नियमों के तहत जो लोग 'Resident and Ordinarily Resident' (ROR-निवासी और सामान्य निवासी) की कैटेगरी में आते हैं, उन्हें अपनी ग्लोबल इनकम (वैश्विक आय) पर भारत सरकार को टैक्स देना होता है. इसका मतलब यह है कि उन्होंने चाहे भारत में कमाया हो या दुनिया के किसी भी कोने में, उनकी पूरी सैलरी, बिजनेस इनकम, कैपिटल गेन्स (शेयर या म्यूचुअल फंड का मुनाफा), रेंटल इनकम और बैंक ब्याज को भारत में टैक्स के दायरे में गिना जाएगा.
दूसरी तरफ, जो लोग नॉन-रेसिडेंट (विदेशी या एनआरआई) हैं, उन्हें केवल उसी कमाई पर भारत में टैक्स देना होता है जो उन्होंने भारत की धरती से कमाई है. चूंकि एक ही कमाई पर विदेशी सरकार और भारत सरकार दोनों टैक्स क्लेम कर सकती हैं, इसलिए इस टकराव को रोकने के लिए भारत ने दुनिया के लगभग 100 देशों के साथ डीटीएए (DTAA) समझौते किए हैं. इस समझौते का लाभ उठाने के लिए ही टीआरसी (TRC) दिखाना अनिवार्य होता है.
टैक्स रेजीडेंसी सर्टिफिकेट की सबसे जरूरी बात यह है कि यह हमेशा के लिए वैध नहीं होता. यह दस्तावेज जिस तारीख को जारी किया जाता है, वहां से लेकर केवल उस वित्तीय वर्ष के अंत (31 मार्च) तक ही मान्य रहता है. इसलिए, अंतरराष्ट्रीय कर संधियों (Treaty Benefits) का लगातार फायदा पाने के लिए टैक्सपेयर्स को हर साल इसके रिन्यूअल (नवीनीकरण) के लिए नया आवेदन करना पड़ता है.
यदि आप भारत के निवासी हैं और आपको विदेश में अपनी किसी कमाई पर टैक्स छूट चाहिए, तो आप भारत के आयकर विभाग से यह सर्टिफिकेट ले सकते हैं:
स्टेप 1: आपको आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म 42 भरना होगा और अपनी आय व निवास से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.
स्टेप 2: आपका असेसिंग ऑफिसर (कर निर्धारण अधिकारी) आपके द्वारा दी गई जानकारियों की जांच करेगा.
स्टेप 3: अगर अधिकारी आपकी दी गई जानकारियों से पूरी तरह संतुष्ट होता है, तो वह आपके नाम पर आधिकारिक रूप से फॉर्म 43 के रूप में टैक्स रेजीडेंसी सर्टिफिकेट (TRC) जारी कर देगा.
आयकर अधिनियम की धारा 159 और डीटीएए के नियमों के अनुसार, अगर कोई एनआरआई भारत में टैक्स रिलीफ (राहत) पाना चाहता है, तो उसे उस विदेशी देश की सरकार या टैक्स अथॉरिटी से टीआरसी (TRC) हासिल करना होगा जहां वह वर्तमान में रह रहा है. विदेशी सरकार से टीआरसी लेते समय एनआरआई को वहां ये मुख्य जानकारियां देनी होती हैं:
हर देश के टैक्स रेजीडेंसी सर्टिफिकेट का फॉर्मेट और डिजाइन अलग-अलग होता है. अगर विदेशी सरकार की तरफ से जारी किए गए टीआरसी में ऊपर बताई गई जानकारियों में से कोई भी जानकारी गायब या अधूरी है, तो एनआरआई को भारत के आयकर पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म 41 (Form 41) भरना होगा और बची हुई गायब जानकारियां अलग से सबमिट करनी होंगी.
एक्सपर्ट्स की राय है कि टैक्स रेजीडेंसी सर्टिफिकेट को रिन्यू करने या नया बनवाने की प्रक्रिया तुरंत या एक दिन में पूरी नहीं होती, अलग-अलग देशों के टैक्स विभागों में इसमें काफी समय लग जाता है. इसलिए, वित्तीय वर्ष के खत्म होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते काफी पहले ही टीआरसी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर देना चाहिए. यह छोटा सा वित्तीय अनुशासन आपको दोहरे टैक्स की मार से बचाएगा और वैश्विक बाजार में आपकी कमाई को पूरी तरह कानूनी और सुरक्षित रखेगा.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)