&format=webp&quality=medium)
रिटायरमेंट की प्लानिंग (Retirement Planning) हर व्यक्ति के लिए बहुत जरूरी होती है. नौकरी के बाद भी एक स्थिर इनकम बनी रहे, इसके लिए पहले से तैयारी करनी पड़ती है. आज हम ऐसे ही एक बेहतरीन निवेश विकल्प एनपीएस (NPS) के बारे में बात करेंगे. समझेंगे कि अगर आप हर महीने थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाते हैं, तो रिटायरमेंट के बाद आपको हर महीने अच्छी-खासी पेंशन मिल सकती है.
मान लीजिए, आपकी उम्र अभी 30 साल है और आप हर महीने 5000 रुपये अपने एनपीएस अकाउंट में जमा करते हैं. यानी सालभर में आप 60,000 रुपये बचा रहे हैं. अगर आप यह निवेश लगातार 30 साल तक करते हैं, तो आपने कुल 18 लाख रुपये जमा किए होंगे.
अब अगर आपको औसतन 10% सालाना रिटर्न मिलता है, तो रिटायरमेंट के वक्त आपका कुल कॉर्पस करीब 1.13 करोड़ रुपये (₹1,13,96,627) हो जाएगा. इसमें से करीब ₹95.96 लाख रुपये सिर्फ ब्याज से मिलेंगे. यही है कंपाउंडिंग (Compounding) की ताकत, जो समय के साथ आपके पैसे को कई गुना बढ़ा देती है. अब सवाल ये है कि रिटायरमेंट के बाद आपको इस रकम से कितनी पेंशन मिलेगी?
जब आप रिटायर होंगे, तो आपके पास दो विकल्प होंगे. या तो पूरी रकम से एन्युटी प्लान खरीदकर पेंशन लेना शुरू करें. या फिर कुल रकम का 60% हिस्सा निकाल लें और बाकी 40% एन्युटी प्लान में लगाएं. नियम के मुताबिक, एनपीएस में रिटायरमेंट के वक्त कम से कम 40% रकम एन्युटी में लगाना जरूरी होता है.
अगर आपके कुल कॉर्पस ₹1.13 करोड़ में से 40% यानी ₹45.58 लाख एन्युटी में लगाते हैं, और उस पर आपको 7-8% सालाना ब्याज मिलता है, तो आपकी सालाना पेंशन करीब ₹3.19 लाख से ₹3.64 लाख के बीच होगी. यानी हर महीने ₹26,500 से ₹30,400 रुपये तक.
अगर आप चाहें तो पूरा कॉर्पस यानी ₹1.13 करोड़ एन्युटी प्लान में लगा सकते हैं. ऐसे में आपकी सालाना पेंशन करीब ₹7.97 लाख से ₹9.11 लाख तक बन सकती है. यानी हर महीने आपको करीब ₹66,000 से ₹76,000 रुपये तक की पेंशन मिलेगी.
यह एक आदर्श स्थिति मानकर की गई कैलकुलेशन है. इसमें यह माना गया है कि व्यक्ति की उम्र 30 साल है, उसकी नौकरी स्थिर है और वह हर महीने नियमित रूप से निवेश कर रहा है. अगर आप चाहें तो अपनी उम्र और निवेश राशि बदलकर अपने हिसाब से पेंशन का अनुमान लगा सकते हैं. याद रखिए जितनी जल्दी निवेश शुरू करेंगे, रिटायरमेंट के समय आपका कॉर्पस और पेंशन उतनी ही बड़ी होगी. यही है स्मार्ट रिटायरमेंट प्लानिंग का फंडा.
एनपीएस एक सरकारी रिटायरमेंट स्कीम है, जिसमें आप हर महीने या सालाना निवेश करते हैं और रिटायरमेंट पर आपको पेंशन और एकमुश्त रकम दोनों मिलती है.
एनपीएस में आप हर महीने सिर्फ ₹500 से निवेश शुरू कर सकते हैं, जबकि सालाना न्यूनतम निवेश ₹1,000 रुपये तय है.
आप 60 साल की उम्र पूरी होने पर एनपीएस से पैसा निकाल सकते हैं. उस समय आप 60% रकम टैक्स-फ्री निकाल सकते हैं और 40% रकम से एन्युटी प्लान खरीदना जरूरी होता है.
पेंशन की राशि इस पर निर्भर करती है कि आपने कितनी रकम एन्युटी प्लान में लगाई है और उस पर आपको कितनी ब्याज दर मिल रही है.
हाँ, एनपीएस में निवेश पर आपको सेक्शन 80C के तहत ₹1.5 लाख तक और सेक्शन 80CCD(1B) के तहत ₹50,000 रुपये अतिरिक्त छूट मिलती है. इसके अलावा कॉरपोरेट एनपीएस लेते हैं, तो उस पर और छूट मिलती है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)