&format=webp&quality=medium)
GST on Cement.
सीमेंट उद्योग के लोगों ने सरकार की ओर से सीमेंट पर जीएसटी दर को 28% से घटाकर 18% करने के फैसले का गुरुवार को स्वागत किया. उन्होंने कहा कि इस कटौती से घरेलू निर्माताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और देश में बुनियादी ढांचे के विकास की गति तेज होगी. इससे न केवल उद्योग का विस्तार होगा बल्कि भारतीय सीमेंट उद्योग की ग्लोबल कॉम्पिटिटिवनेस बढ़ेगी क्योंकि इससे वह विदेशी कॉम्पिटिटर के बराबर होगा. सीमेंट विनिर्माता संघ (CMA) ने इस कदम को निर्माण सामग्रियों में कर की असमानता को दूर करने वाला बताया है.
CMA के अध्यक्ष नीरज अखौरी ने कहा कि लंबी अवधि से सीमेंट पर कर अन्य प्रमुख निर्माण सामग्री, जैसे इस्पात की तुलना में अधिक था. 28% से घटाकर 18% करने का यह कदम इस असमानता को समाप्त करेगा और अन्य सामग्रियों के साथ समान कर दर लागू की जाएगी. उन्होंने कहा कि इससे न केवल उत्पादन लागत घटेगी बल्कि बाजार में प्रतिस्पर्धा भी बेहतर होगी. जीएसटी काउंसिल ने इस कटौती को मंजूरी दे दी है, जो 22 सितंबर 2025 से लागू होगी.
Shree Cement और Adani Cement के शीर्ष अधिकारियों ने बताया कि इस बदलाव से बुनियादी ढांचे और किफायती आवास के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि होगी. इससे परियोजनाओं की लागत कम होगी और खपत में तेजी आएगी. अदाणी सीमेंट के सीईओ विनोद बहेटी ने कहा कि यह सुधार देश की आर्थिक वृद्धि के लिए आत्मविश्वास और गति का प्रतीक है, जो विकास को टिकाऊ बनाएगा. यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा बड़ा कदम है.
फाइनेंशियल एक्सपर्ट मनोज मिश्रा ने बताया कि अफोर्डेबल हाउसिंग में हिस्सेदारी लगभग 30-35% होने के कारण, सीमेंट की जीएसटी में कमी से बिल्डरों का लागत प्रेशर कम होगा. इससे परियोजनाओं की व्यवहार्यता बढ़ेगी और समय पर पूरा होने की संभावना भी बढ़ेगी. इससे रियल एस्टेट क्षेत्र में बेहतर निवेश और विकास होगा, जो घर खरीदारों के लिए फायदेमंद रहेगा.
CMA के अनुसार, भारत की सीमेंट उद्योग की वर्षभर की स्थापित क्षमता लगभग 700 मिलियन टन है. उद्योग में आदित्य बिड़ला समूह की अल्ट्राटेक और अदाणी समूह की अदाणी सीमेंट जैसी कंपनियां अधिग्रहण के माध्यम से एकीकरण कर रही हैं. चालू वित्त वर्ष 2025-26 में इस क्षेत्र की 7 से 8 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है, जो सरकार के बुनियादी ढांचे और ग्रामीण आवास प्रोजेक्ट्स को मिलने वाले समर्थन से प्रेरित होगी.