Gold Investment: महंगा जरूर है सोना लेकिन आपके बजट से बाहर अब भी नहीं! फ्यूचर में चाहिए मोटा रिटर्न तो ऐसे करें निवेश

सोना हमेशा निवेशकों के लिए पसंदीदा ऑप्‍शन रहा है, लेकिन इन दिनों इसकी तेजी से बढ़ रही कीमत लोगों की चिंताओं को बढ़ा रही है. ऐसे में सोना खरीदना मुश्किल होता दिख रहा है. लेकिन अगर आप निवेश के लिहाज से इसे खरीदना चाहते हैं तो गोल्‍ड अब भी आपकी पहुंच से बाहर नहीं हुआ है. जानिए आप कैसे इसे अपने पोर्टफोलियो का हिस्‍सा बना सकते हैं.
Gold Investment: महंगा जरूर है सोना लेकिन आपके बजट से बाहर अब भी नहीं! फ्यूचर में चाहिए मोटा रिटर्न तो ऐसे करें निवेश

भारत में सोना सिर्फ निवेश का नहीं, बल्कि परंपरा का हिस्‍सा रहा है. शादी, सगाई, मुंडन जैसे तमाम मौकों से लेकर धनतेरस-दिवाली जैसे त्‍योहारों तक सोने के आभूषणों की खरीदारी का चलन है. पुराने वक्‍त से दादी-नानी सोने में निवेश करती आ रही हैं. मकसद ये है कि घर पर सोना जमा हो जाए जिससे सारे शौक भी पूरे होते रहें और जरूरत पड़ने पर ये काम आ सके. लेकिन इन दिनों जिस तरह से सोने की कीमतें बढ़ती जा रही हैं, ऐसा लग रहा है कि ये आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा है. सोने की ज्‍वेलरी खरीदने के‍ लिए हजारों लाखों की रकम को जुटा पाना हर व्‍यक्ति के लिए आसान नहीं.

हालांकि अगर निवेश लिहाज से आप सोना खरीदना चाहें तो अब भी ये आपकी पहुंच से दूर नहीं है. आज के समय में आपके पास डिजिटल गोल्‍ड (Digital Gold) जैसा ऑप्‍शन है, जिसे आप अपने बजट के हिसाब से खरीद सकते हैं. खास बात ये है कि इसमें आपको शुद्ध 24 कैरेट का सोना मिलता है, जो सोने की ज्‍वेलरी में भी नहीं मिलता. Gold Investment करके अगर फ्यूचर में आप भी बेहतर रिटर्न कमाना चाहते हैं तो यहां जानिए डिजिटल गोल्‍ड के तमाम फायदों के बारे में.

जानिए क्या है डिजिटल गोल्ड?

डिजिटल गोल्ड का मतलब है सोने को फिजिकल रूप में न खरीदकर, इलेक्ट्रॉनिक या पेपर फॉर्म में खरीदना. इसे सुरक्षित वॉलेट में आपके नाम पर रखा जाता है. ये आपको सोने की कीमतों में होने वाली बढ़ोतरी का फायदा देता है, वहीं आपको फिजिकल गोल्ड रखने की झंझट और जोखिम से बचाता है.

क्यों चुनें डिजिटल गोल्ड?

डिजिटल गोल्ड में निवेश के कई फायदे हैं, जो इसे फिजिकल गोल्ड से बेहतर बनाते हैं:

छोटे बजट में निवेश

आप 1 रुपए जितनी कम रकम से भी डिजिटल गोल्ड खरीद सकते हैं. ये इसे हर किसी के लिए आसान बनाता है, चाहे आपका बजट कितना भी हो. अगर हर महीने आप 2,000, 3,000 या 5,000 रुपए भी डिजिटल गोल्‍ड में इन्‍वेस्‍ट कर रहे हैं, तो धीरे-धीरे अच्‍छा खासा सोना खरीदकर इकट्ठा कर सकते हैं.

शुद्धता की गारंटी

डिजिटल गोल्ड में आप 24 कैरेट शुद्ध सोना खरीदते हैं, जिसकी शुद्धता की गारंटी होती है. फिजिकल गोल्ड में शुद्धता को लेकर हमेशा संदेह रहता है. वहीं ज्‍वेलरी 22 कैरेट से ज्‍यादा की नहीं होती. इसके अलावा डिजिटल गोल्‍ड को आप फिजिकल गोल्‍ड में भी कन्‍वर्ट करवा सकते हैं.

कोई मेकिंग चार्ज नहीं

जब आप फिजिकल गोल्‍ड से बनी कोई चीज खरीदते हैं तो आपको इसके लिए आपको ज्‍वैलर्स को मेकिंग चार्ज देना पड़ता है. लेकिन डिजिटल गोल्ड में निवेश करते हैं, तो आप केवल सोना खरीदने के लिए भुगतान करते हैं. आप कोई मेकिंग चार्ज नहीं देते. ऐसे में इसकी खरीददारी सस्‍ती पड़ती है.

सुरक्षा और सुविधा

आपको फिजिकल गोल्ड की तरह चोरी होने या खो जाने का डर नहीं होता. ये आपके अकाउंट में सुरक्षित रहता है और इसे कहीं भी ले जाने या स्टोर करने की चिंता नहीं रहती. जब चाहें तब आप डिजिटल गोल्ड को आसानी से बेचकर कैश प्राप्त कर सकते हैं. फिजिकल गोल्ड को बेचने में कई बार दिक्कतें आती हैं.

लिक्विडिटी

डिजिटल गोल्ड को बहुत आसानी से खरीदा और बेचा जा सकता है, जिससे ये एक लिक्विड निवेश बन जाता है. इसका इस्तेमाल कोलैट्रल के रूप में हो सकता है. अगर इसे गिरवी रखते हैं तो लोन आसानी से मिल जाता है.

डीमैट अकाउंट का झंझट नहीं

इसे खरीदने के लिए डीमैट अकाउंट की जरूरत नहीं पड़ती. अगर आप शेयर बाजार की झंझटों में नहीं पड़ना चाहते और बिना डीमैट अकाउंट के सोना खरीदना चाहते हैं, तो ये एकमात्र डिजिटल विकल्प है.

कहां से खरीदें?

डिजिटल गोल्‍ड को आप Google Pay, Paytm और PhonePe जैसे ऐप से खरीद सकते हैं. आज के समय में ये ऐप सभी के फोन में मौजूद रहते हैं. इसके अलावा MMTC-PAMP India Pvt. Ltd, Augmont Gold Ltd और Digital Gold India Pvt Ltd ये 3 कंपनियां भारत में अपने सेफगोल्‍ड ब्रांड के साथ डिजिटल गोल्‍ड ऑफर करती हैं.

Google Pay, Paytm और PhonePe से कैसे खरीदें?

Google Pay से डिजिटल गोल्‍ड खरीदने के लिए पहले ऐप खोलें और 'Gold Locker' सर्च करें. यहां आपको सोने की मौजूदा कीमत दिखाई देगी, जिसमें टैक्स शामिल हैं. 'खरीदें' के ऑप्‍शन पर क्लिक करके आप डिजिटल गोल्‍ड को खरीद सकते हैं.

Paytm ऐप से डिजिटल गोल्‍ड को खरीदने के लिए पहले ऐप खोलें. नीचे स्‍क्रॉल करके देखने पर आपको 'Stock and Mutual Funds' दिखेगा, उसमें आपको 'Paytm Gold' के ऑप्‍शन पर जाकर डिजिटल गोल्‍ड की खरीददारी कर सकते हैं.

PhonePe ऐप से डिजिटल गोल्ड खरीदने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें. इसके बाद 'Wealth' सेक्शन में जाएं. फिर 'Gold' विकल्प पर क्लिक करें. यहां से आप अपनी जरूरत के अनुसार डिजिटल गोल्ड खरीद सकते हैं.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6