RBI Credit Card Rules: बैंक नहीं आप हैं बॉस! मर्जी के बिना कार्ड आने से लेकर ब्याज के खेल तक, जानिए क्या हैं नियम

अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड है या आप लेने की सोच रहे हैं, तो आरबीआई (RBI) के ये नए नियम जानना आपके लिए बहुत जरूरी है. आसान शब्दों में कहें तो अब बैंक अपनी मनमानी नहीं चला पाएंगे. चाहे वो आपकी मर्जी के बिना कार्ड भेजना हो, गलत तरीके से ब्याज लगाना हो या फिर कार्ड बंद करने में नखरे करना- आरबीआई ने हर मोड़ पर ग्राहकों को पावर दी है. अगर बैंक आपकी बात नहीं सुनता, तो आप सीधे 'आरबीआई लोकपाल' (RBI Ombudsman) से इसकी शिकायत कर सकते हैं.
RBI Credit Card Rules: बैंक नहीं आप हैं बॉस! मर्जी के बिना कार्ड आने से लेकर ब्याज के खेल तक, जानिए क्या हैं नियम

रिजर्व बैंक (RBI) ने ग्राहकों को बैंकों की मनमानी से बचाने के लिए कुछ बड़े नियम बनाए हुए हैं.

क्रेडिट कार्ड आज की डेट में जेब में रहे तो बड़ा कॉन्फिडेंस आता है, लेकिन इसके नियम कई बार सिर घुमा देते हैं. बैंकों की भारी-भरकम शब्दावली और 'टर्म्स एंड कंडीशंस' के चक्कर में अक्सर हम वो बातें नहीं समझ पाते जो हमारे फायदे की होती हैं.

रिजर्व बैंक (RBI) ने ग्राहकों को बैंकों की मनमानी से बचाने के लिए कुछ बड़े नियम बनाए हुए हैं. चलिए, इसे बिल्कुल आसान भाषा में समझते हैं, ताकि कोई भी आपको गलत जानकारी ना दे सके और आप बाद में ठगा-ठगा सा फील ना करें.

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

Add Zee Business as a Preferred Source

क्रेडिट कार्ड से जुड़े 15 सवाल, जिसके जवाब पता होने जरूरी हैं

वैसे तो क्रेडिट कार्ड बहुत से लोग इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अधिकतर लोग इससे जुड़े कई सवालों के जवाब नहीं जानते. बहुत से लोगों को रिजर्व बैंक के वो नियम ही नहीं पता होते, जो क्रेडिट कार्ड के लिए बने हुए हैं. आइए आज एक ही जगह ऐसे 15 नियम या यूं कहें कि सवालों के जवाब जानें, जो आपके लिए बड़े काम के साबित होंगे.

1. अगर बैंक ने बिना पूछे घर पर कार्ड भेज दिया (Unsolicited Card) तो क्या करें?

जवाब: बिना आपकी मर्जी के बैंक आपको कार्ड नहीं भेज सकता. अगर फिर भी आपके घर ऐसा कोई कार्ड आ जाए जो आपने मंगाया ही नहीं था, तो सबसे पहले उसे एक्टिवेट (Activate) मत करना. न पिन बनाना, न ही कोई ओटीपी (OTP) देना. नियम ये है कि अगर आप कार्ड एक्टिवेट नहीं करते, तो बैंक को 7 दिन के अंदर वो कार्ड और उसका खाता अपने आप बंद करना होगा, वो भी बिना आपसे एक रुपया लिए. कार्ड बंद होने का मैसेज आने के बाद उस कार्ड को कैंची से काट कर फेंक दें. अगर बैंक फिर भी पैसे मांगे, तो सीधा शिकायत कर दो.

2. क्या ओवरड्राफ्ट या लोन अकाउंट के लिए भी कार्ड मिल सकता है?

जवाब: हां, बिल्कुल! अगर आपका बैंक में कोई ओवरड्राफ्ट (OD) खाता है या बिजनेस लोन है, तो बैंक आपको उस पैसे को इस्तेमाल करने के लिए कार्ड दे सकता है. ये एक तरह से आपकी लिमिट तक पहुंचने की चाबी है. इसके नियम वही होंगे जो आपके लोन के हैं.

3. कार्ड 'एक्टिवेट' हो गया, ये कैसे पता चलेगा?

जवाब: अगर आपने कार्ड मिलने के बाद पिन (PIN) सेट कर लिया, मोबाइल ऐप में जाकर कुछ सेटिंग्स बदल दीं या कस्टमर केयर को कॉल करके कह दिया कि "हां, कार्ड चालू कर दो", तो समझो कार्ड एक्टिवेट हो गया. अगर कार्ड मिलने के 30 दिन तक आप कुछ नहीं करते, तो बैंक को आपसे दोबारा पूछना पड़ेगा कि इसे चालू रखना है या नहीं.

4. क्या बिना शॉपिंग किए भी कार्ड को 'यूज्ड' (Used) माना जा सकता है?

जवाब: हां. अगर आपने कोई सामान नहीं खरीदा, लेकिन पिन बदल दिया या ऐप में जाकर ट्रांजैक्शन कंट्रोल देख लिया, तो बैंक इसे 'यूज' करना ही मानेगा. हालांकि, सिर्फ कस्टमर केयर को ये पूछने के लिए फोन करना कि "मेरा कार्ड कब आएगा", इसे यूज करना नहीं माना जाता.

5. बिजनेस कार्ड के लिए परमिशन किससे ली जाएगी?

जवाब: अगर कार्ड किसी कंपनी के नाम पर है, तो बैंक कंपनी के प्रिंसिपल अकाउंट होल्डर (Principal Account Holder) से ही हर बात की परमिशन लेगा. वैसे ही, अगर आपने अपनी पत्नी या बच्चों के लिए 'एड-ऑन' कार्ड लिया है, तो बैंक आपसे ही पूछेगा, उनसे नहीं. हालांकि, कार्ड चोरी होने पर ब्लॉक उसे इस्तेमाल करने वाला भी करा सकता है.

6. अगर बिल का थोड़ा पैसा चुकाया, तो क्या ब्याज पूरे बिल पर लगेगा?

जवाब: यही सबसे बड़ा कनफ्यूजन है! मान लो आपका बिल 10,000 रुपये है और आपने 2,000 चुका दिए. ऐसे में पहले बहुत से बैंक पूरे 10,000 पर ब्याज लगाते थे. लेकिन रिजर्व बैंक ने इसे लेकर काफी पहले ही नियम बना दिया है. नया नियम कहता है कि ब्याज सिर्फ बचे हुए 8,000 रुपये पर ही लगेगा. लेट फीस भी सिर्फ उसी हिस्से पर लगेगी जो आपने नहीं चुकाया है. ये आपके लिए बड़ी राहत है.

7. क्या टैक्स और फीस पर भी ब्याज लग सकता है?

जवाब: नहीं! अगर आपने पिछले महीने का टैक्स या कोई फीस नहीं चुकाई है, तो बैंक उस टैक्स के ऊपर ब्याज (Interest on Tax) नहीं लगा सकता. इसे 'कैपिटलाइजेशन' कहते हैं, जिस पर रोक है.

8. क्या मैं अपने बिल की तारीख (Billing Cycle) बदल सकता हूं?

जवाब: हां, ये आपका हक है. आप बैंक से कह सकते हैं कि मुझे महीने की 5 तारीख को नहीं, बल्कि 20 तारीख को बिल चाहिए. बैंक को आपको कम से कम एक बार अपनी पसंद की तारीख चुनने का मौका देना ही होगा. इसे आप ऐप या ईमेल के जरिए भी कर सकते हैं.

9. क्या लिमिट से ज्यादा खर्च करने पर एक्स्ट्रा चार्ज लगेगा?

जवाब: बैंक आपको 'ओवरलिमिट' (Overlimit) सुविधा तब तक नहीं दे सकता जब तक आपने खुद इसके लिए हां (Consent) नहीं कहा हो. अगर आपने इसके लिए परमिशन नहीं दी है और आपका ट्रांजैक्शन लिमिट से ऊपर जा रहा है, तो बैंक उसे फेल कर देगा, लेकिन आप पर कोई जुर्माना नहीं ठोक पाएगा.

10. ओवरलिमिट चार्ज की गिनती कैसे होगी?

जवाब: ओवरलिमिट चार्ज लगाते समय बैंक सिर्फ आपके द्वारा खर्च किए गए पैसों को देखेगा. उसमें लगा हुआ पुराना ब्याज या टैक्स शामिल नहीं किया जाएगा.

11. बकाया पैसे चुकाने की जिम्मेदारी किसकी है?

जवाब: सारा बिल भरने की जिम्मेदारी सिर्फ 'मेन कार्डहोल्डर' की होती है. अगर आपने किसी को एड-ऑन कार्ड दिया है, तो उसकी शॉपिंग का बिल भी आपको ही भरना होगा, बैंक उसके पीछे नहीं जाएगा.

12. क्या कार्ड के साथ इंश्योरेंस लेना जरूरी है?

जवाब: आरबीआई ने इसे जरूरी नहीं बनाया है. लेकिन अगर बैंक अपनी तरफ से कोई इंश्योरेंस दे रहा है, तो उसे आपको बताना होगा कि कौन सी कंपनी है और क्लेम कैसे करना है.

13. क्या अमेजन या फ्लिपकार्ट जैसे पार्टनर मेरा डेटा देख सकते हैं?

जवाब: नहीं! अगर आपने किसी कंपनी का 'को-ब्रांडेड' कार्ड (जैसे ICICI Amazon Card) लिया है, तो वो कंपनी आपकी शॉपिंग की डिटेल्स नहीं देख सकती. वो सिर्फ आपको डेटा 'दिखा' सकते हैं, लेकिन उसे अपने पास सेव (Store) नहीं कर सकते. आपकी प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित है.

14. कार्ड ब्लॉक करने और बंद करने में क्या फर्क है?

जवाब: 'ब्लॉक' करना मतलब कुछ समय के लिए ताला लगाना (जैसे कार्ड खो जाने पर). 'बंद' (Closure) करना मतलब बैंक से रिश्ता खत्म करना. अगर आप कार्ड बंद करने की रिक्वेस्ट देते हैं, तो बैंक को 7 वर्किंग डेज के अंदर उसे बंद करना होगा. हां, इसके लिए आपका सारा पिछला बकाया चुकाया हुआ होना चाहिए.

15. अगर बैंक परेशान करे तो शिकायत कहां करें?

जवाब: सबसे पहले बैंक के पास अपनी शिकायत दर्ज कराओ. अगर 30 दिन तक वो कोई जवाब न दें या टालमटोल करें, तो चुप मत बैठो. सीधा आरबीआई लोकपाल (RBI Ombudsman) के पास जाओ. आप https://cms.rbi.org.in पर जाकर ऑनलाइन शिकायत कर सकते हैं. ये बिल्कुल फ्री है और बैंक की क्लास लग जाएगी!

Conclusion

क्रेडिट कार्ड एक बढ़िया टूल है अगर इसे समझदारी से इस्तेमाल किया जाए. बैंक के सेल्समैन की बातों में आने के बजाय इन नियमों को याद रखो. सबसे जरूरी बात- अपने बिल का भुगतान हमेशा समय पर करो और अगर बैंक कहीं भी गलत करे, तो ऊपर बताए गए तरीकों से उसे सबक सिखाओ.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

आर्टिकल से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल (FAQs)

Q1 क्या बैंक बिना पूछे लिमिट बढ़ा सकता है?

A. बिल्कुल नहीं! आपकी लिखित या डिजिटल परमिशन के बिना बैंक एक रुपया भी लिमिट नहीं बढ़ा सकता.

Q2 मेरा कार्ड चोरी हो गया है, क्या एड-ऑन कार्डधारक उसे ब्लॉक कर सकता है?

A. हां, सुरक्षा के लिहाज से एड-ऑन कार्डधारक भी तुरंत कॉल करके कार्ड ब्लॉक करा सकता है.

Q3 क्या कार्ड बंद करने के पैसे लगते हैं?

A. नहीं, कार्ड बंद करने का कोई चार्ज नहीं होता, बस आपका पुराना बिल क्लियर होना चाहिए.

Q4 ब्याज से बचने का सबसे आसान तरीका क्या है?

A. बिल में लिखे 'Total Amount Due' का पूरा भुगतान 'Due Date' से पहले कर दें. सिर्फ 'Minimum Due' भरने के चक्कर में न पड़ें.

Q5 आरबीआई लोकपाल क्या सच में मदद करता है?

A. जी हां, आरबीआई लोकपाल ग्राहकों के लिए ही बनाया गया है और बैंक इनसे बहुत डरते हैं.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6