&format=webp&quality=medium)
दिवाली एक ऐसा त्योहार है जिसका पूरे साल इंतजार किया जाता है. घर की साफ-सफाई से लेकर घर को सजाने तक, काफी सारी तैयारियां की जाती हैं. दिवाली के दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है और सभी के मन में ये कामना रहती है कि मां लक्ष्मी की उनके घर पर विशेष कृपा रहे. कभी पैसों की दिक्कत उनके जीवन में न आए.
लेकिन अगर आप वास्तव में चाहते हैं कि आपके घर पर कभी धन की कमी न रहे तो आपको इसके लिए कुछ आदतों को भी सुधारना होगा. यहां जानिए ऐसी 10 खराब आदतों के बारे में जो आपके फाइनेंस पर सीधेतौर पर असर डालती हैं और जिसके कारण आपकी लाइफ में पैसों से जुड़ी समस्याएं बनी ही रहती हैं. आज दिवाली के मौके पर 'लक्ष्मी पूजन' से पहले ही इन्हें गुडबाय कह दें, ताकि आपके घर में हमेशा धनवर्षा होती रहे.
आप जितना भी कमाते हैं, उसमें से थोड़ा हिस्सा जरूर बचाइए. कई लोग अच्छी इनकम होने के बावजूद महीने के अंत में खाली हाथ रह जाते हैं. अगर आप भी उन्हीं में से हैं, तो इस दिवाली खुद से वादा कीजिए कि हर महीने कुछ न कुछ बचत जरूर करेंगे. शुरू में मुश्किल लगेगा, लेकिन धीरे-धीरे सेविंग आपकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन जाएगी.
अगर आप बिना प्लानिंग के खर्च करते हैं, तो आपकी आमदनी कभी नहीं टिकेगी. महीने की शुरुआत में बजट बनाना जरूरी है ताकि आपको पता रहे कि कौन-सा खर्च ज़रूरी है और कौन-सा फिजूल. बजटिंग से न सिर्फ सेविंग बढ़ती है, बल्कि अनावश्यक खर्चों पर भी लगाम लगती है.
कहावत है- “जितनी चादर हो, उतने ही पैर फैलाने चाहिए.” अगर आप अपनी इनकम से ज्यादा खर्च करते हैं, तो भविष्य में कर्ज और आर्थिक संकट से बच पाना मुश्किल होगा. इस दिवाली अपनी इस आदत को बदलें और “Earn less, spend smarter” का मंत्र अपनाएं.
पैसे को सिर्फ बचाकर नहीं, बल्कि सही जगह निवेश करके ही बढ़ाया जा सकता है. फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हर व्यक्ति को अपनी आय का कम से कम 20% निवेश जरूर करना चाहिए. ये पैसा आगे चलकर रिटायरमेंट, इमरजेंसी या बड़े लक्ष्यों में काम आता है.
निवेश जरूरी है, लेकिन किसी की सलाह या ट्रेंड देखकर बिना रिसर्च किए पैसा लगाना खतरनाक हो सकता है. हर इन्वेस्टमेंट के पहले उसके जोखिम, रिटर्न और समय सीमा को समझिए. आप चाहें तो किसी सर्टिफाइड फाइनेंशियल एडवाइजर की मदद भी ले सकते हैं.
बुढ़ापा सबके जीवन का हिस्सा है, और उस समय पैसों की जरूरत सबसे ज्यादा होती है. अगर आपने अभी तक रिटायरमेंट फंड नहीं बनाया है, तो आज से ही PF, NPS या पेंशन स्कीम्स में निवेश शुरू करें. इससे आगे चलकर आर्थिक चिंता नहीं रहेगी.
कर्ज लेना आसान होता है, लेकिन उसे चुकाना मुश्किल. कोशिश करें कि छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उधारी न लें. अगर लोन लेना जरूरी भी है, तो उतना ही लें जितना आप आसानी से चुका सकें. Debt-free life जीना ही असली धन है.
जीवन बीमा आपकी फैमिली की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है. अगर आप कमाने वाले सदस्य हैं और आपने अब तक लाइफ इंश्योरेंस नहीं लिया, तो ये आपके परिवार के भविष्य को खतरे में डाल सकता है. इस दिवाली एक टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदिए ताकि आपके जाने के बाद भी परिवार आर्थिक रूप से सुरक्षित रहे.
जल्दी अमीर बनने की चाह में कई लोग सट्टेबाजी या लॉटरी जैसे जोखिम भरे रास्ते चुनते हैं. लेकिन ये आदतें आर्थिक बरबादी का सबसे बड़ा कारण बन सकती हैं. पैसा मेहनत और समझदारी से कमाइए, न कि किस्मत के भरोसे.
बीमारी या दुर्घटना कभी भी किसी के साथ हो सकती है. ऐसे में हेल्थ इंश्योरेंस आपकी सेविंग को बचाने का सबसे अच्छा तरीका है. कोविड के बाद से ये बात और भी साफ हो गई है कि “No health insurance means no financial safety.” इसलिए तुरंत अपने और परिवार के लिए हेल्थ कवरेज लें.