&format=webp&quality=medium)
Delhi pension scheme 2025: दिल्ली सरकार जल्द ही सीनियर सिटीजन और दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत देने जा रही है. सरकार की योजना के तहत इन वर्गों को दी जाने वाली मासिक पेंशन में ₹500 की बढ़ोतरी की जाएगी. इस फैसले से राजधानी के कम से कम 5.3 लाख बुजुर्गों और 1.2 लाख दिव्यांग व्यक्तियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
सूत्रों के मुताबिक, समाज कल्याण विभाग ने इस प्रस्ताव का मसौदा तैयार कर कैबिनेट को सौंपा है. कैबिनेट ने इसे अब वित्त विभाग के पास आगे की समीक्षा के लिए भेज दिया है. वित्त विभाग की मंजूरी के बाद यह प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए दोबारा कैबिनेट में जाएगा.
अगर योजना को मंजूरी मिलती है, तो 60 से 69 साल के वरिष्ठ नागरिकों को अब ₹2,500 प्रति माह पेंशन मिलेगी, जो पहले ₹2,000 हुआ करती थी. वहीं 70 साल या उससे अधिक उम्र वाले नागरिकों को अब ₹3,000 प्रति माह पेंशन मिलेगी, जो पहले ₹2,500 थी.
इसके अलावा, SC, ST और अल्पसंख्यक समुदायों के लाभार्थियों को पहले ₹500 अतिरिक्त सहायता दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर ₹1,000 किए जाने का प्रस्ताव है.
दिव्यांगजनों के लिए भी पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव है. 40% से 60% तक की विकलांगता वाले लोगों को अब ₹3,000 प्रति माह (पहले ₹2,500) मिलेंगे. वहीं 60% से अधिक विकलांगता वाले लोग अब ₹5,500 प्रति माह की पेंशन के हकदार होंगे, जो पहले ₹5,000 थी.
इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ शर्तें भी तय की गई हैं. जिसके तहत, आवेदक कम से कम पिछले 5 वर्षों से दिल्ली निवासी होना चाहिए. आधार कार्ड में दिल्ली का पता होना अनिवार्य है. वार्षिक पारिवारिक आय ₹1 लाख से कम होनी चाहिए. आवेदक को केंद्र या राज्य सरकार से कोई अन्य पेंशन या वित्तीय सहायता नहीं मिल रही हो.
गौरतलब है कि वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग पेंशन योजनाओं में पिछली बार संशोधन नवंबर 2024 में किया गया था. अब अगर यह नया प्रस्ताव लागू होता है, तो यह एक साल से भी कम समय में पेंशन में दूसरी बड़ी बढ़ोतरी होगी.