Asset Allocation: Portfolio Management का मास्टर फॉर्मूला! जानिए कैसे मार्केट के उतार-चढ़ाव के बीच बदल देता है पूरा 'खेल'

निवेश केवल पैसा लगाने का नाम नहीं, बल्कि सही जगह और सही अनुपात में निवेश करने का खेल है. Asset Allocation यही काम करता है. ये रिस्क और रिटर्न को संतुलित करके निवेशकों को अपने फाइनेंशियल गोल्स तक पहुंचने में मदद करता है.
Asset Allocation: Portfolio Management का मास्टर फॉर्मूला! जानिए कैसे मार्केट के उतार-चढ़ाव के बीच बदल देता है पूरा 'खेल'

इन्‍वेस्‍टमेंट भविष्य को सुरक्षित बनाने का एक शानदार तरीका है, लेकिन सिर्फ पैसा लगाना ही काफी नहीं है. एक सफल निवेश रणनीति का सबसे अहम हिस्सा है एसेट एलोकेशन (Asset Allocation). ये वो कला है जिससे आप अपने पैसे को अलग-अलग जगह जैसे शेयर, बॉन्ड, सोना या दूसरे एसेट क्लास में बांटते हैं. इसका मकसद होता है आपके निवेश में जोखिम और रिटर्न के बीच सही संतुलन बनाना.

एसेट एलोकेशन सिर्फ रिस्क को कम नहीं करता, बल्कि अच्छे रिटर्न की संभावना को भी बढ़ाता है. यही वजह है कि फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स हमेशा अपने पोर्टफोलियो में एसेट एलोकेशन की सलाह देते हैं. पर इसका कोई एक तय फॉर्मूला नहीं होता. ये हर इंसान की ज़रूरत के हिसाब से बदलता है, जैसे आपकी उम्र क्या है, आपके फाइनेंशियल गोल्‍स क्या हैं और आप कितना जोखिम उठा सकते हैं. आइए समझते हैं इसके बारे में जरूरी बातें.

एसेट एलोकेशन क्यों है ज़रूरी?

कल्पना कीजिए कि आपने अपने सारे पैसे सिर्फ एक ही जगह लगा दिए. ऐसे में अगर उस एक जगह में कोई दिक्कत आती है, तो आपको बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है. एसेट एलोकेशन एक तरह से आपके निवेश के लिए 'सुरक्षा कवच' का काम करता है. ये आपके पोर्टफोलियो को अलग-अलग एसेट क्लासेस में फैलाता है, ताकि अगर एक एसेट क्लास अच्छा प्रदर्शन न करे, तो दूसरे उसे संभाल लें.

एसेट एलोकेशन कैसे करें?

एसेट एलोकेशन करने के लिए कुछ बातों पर ध्यान देना बहुत ज़रूरी है:

  1. उम्र (Age): अगर आप युवा हैं, तो आपके पास जोखिम लेने और ज़्यादा रिटर्न पाने के लिए लंबा समय है. इसलिए, आप इक्विटी (शेयर बाजार) में ज़्यादा निवेश कर सकते हैं. जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, जोखिम लेने की क्षमता कम होती जाती है, तो ऐसे में डेट फंड (बॉन्ड) और गोल्ड जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की तरफ जाना समझदारी होती है.
  2. जोखिम सहने की क्षमता (Risk Tolerance): हर इंसान की जोखिम लेने की क्षमता अलग होती है. कुछ लोग ज़्यादा जोखिम लेकर ज़्यादा रिटर्न चाहते हैं, जबकि कुछ लोग कम जोखिम के साथ स्थिर रिटर्न पसंद करते हैं. अपनी जोखिम सहने की क्षमता को पहचानें और उसी हिसाब से एसेट एलोकेशन करें.
  3. लक्ष्य और अवधि (Goals & Horizon): आपके वित्तीय लक्ष्य क्या हैं? क्या आप घर खरीदना चाहते हैं, बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसा बचा रहे हैं, या रिटायरमेंट की प्लानिंग कर रहे हैं? आपके लक्ष्य और उन्हें पाने में लगने वाला समय आपके एसेट एलोकेशन को प्रभावित करेगा. अल्पकालिक (Short-term) लक्ष्यों के लिए सुरक्षित निवेश और दीर्घकालिक (Long-term) लक्ष्यों के लिए ज़्यादा जोखिम वाले निवेश बेहतर हो सकते हैं.

उदाहरण से समझिए एसेट एलोकेशन

40 साल की उम्र तक

इस उम्र तक लोग अक्सर करियर में तेजी से ग्रोथ करते हैं और जोखिम लेने की अच्छी क्षमता रखते हैं. अगर आप इस उम्र में निवेश कर रहे हैं, तो आप अपने पोर्टफोलियो को कुछ इस तरह बांट सकते हैं:

  • इक्विटी (शेयर बाजार): 70%
  • डेट फंड (बॉन्ड): 20%
  • गोल्ड: 10%

इस उम्र में आप लोन, बच्चों की पढ़ाई जैसी कई ज़िम्मेदारियों का बोझ लेकर चलते हैं, इसलिए इमरजेंसी फंड तैयार करके रखना बहुत ज़रूरी है.

40 साल के बाद

  • जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आपको एसेट एलोकेशन में बदलाव करने की रणनीति अपनानी चाहिए. उम्र बढ़ने के साथ जोखिम लेने की क्षमता कम होती है, आय के साधन घटने लगते हैं और आपको निवेश में स्थिरता चाहिए होती है.
  • इक्विटी में निवेश कम करें: अगर आपका 70% पैसा इक्विटी में है, तो उसे धीरे-धीरे कम करके 50% पर लाएं और फिर 20-30% तक इक्विटी में रख सकते हैं.
  • डेट फंड बढ़ाएं: 60-70% तक पैसा डेट फंड में रखें, क्योंकि इसमें जोखिम कम होता है.
  • दूसरे विकल्प: अपनी ज़रूरत के हिसाब से आप इंश्योरेंस, गोल्ड, रियल एस्टेट, FD (फिक्स्ड डिपॉजिट) वगैरह में भी निवेश को बांट सकते हैं.
  • अगर आपको इस मामले में ज़्यादा समझ नहीं है, तो किसी फाइनेंशियल एक्सपर्ट की मदद लेना बेहतर रहेगा.

एसेट एलोकेशन के फायदे

  1. ये आपके निवेश को बाज़ार के उतार-चढ़ाव के बीच संतुलित रखता है. अगर शेयर बाजार में गिरावट आती है, तो डेट इंस्ट्रूमेंट्स और गोल्ड में निवेश नुकसान की भरपाई कर सकते हैं.
  2. अलग-अलग एसेट क्लासेस में निवेश करने से पोर्टफोलियो को स्थिरता मिलती है. बाज़ार के उतार-चढ़ाव के समय सही एसेट एलोकेशन निवेशक को नुकसान से बचाव में मदद करता है.
  3. एसेट एलोकेशन से निवेशक अपने वित्तीय लक्ष्य जैसे रिटायरमेंट, बच्चों की शिक्षा, या घर खरीदने के लिए सही रणनीति बना सकते हैं.
  4. ये आपके निवेश से जुड़े जोखिम को कम करता है, जिससे आप ज़्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं.

FAQs

Q1: एसेट एलोकेशन क्या है?

A1: एसेट एलोकेशन आपके निवेश को अलग-अलग एसेट क्लास जैसे इक्विटी, डेट और गोल्ड में बांटने की एक रणनीति है, जिसका मकसद जोखिम और रिटर्न के बीच संतुलन बनाना होता है.

Q2: मुझे अपना एसेट एलोकेशन कितनी बार रिव्यू करना चाहिए?

A2: आपको साल में कम से कम एक बार या जब आपकी फाइनेंशियल कंडीशन, लक्ष्य या जोखिम सहने की क्षमता में कोई बड़ा बदलाव आए, तब अपने एसेट एलोकेशन को रिव्यू करना चाहिए.

Q3: क्या एसेट एलोकेशन सिर्फ बड़े निवेशकों के लिए है?

A3: नहीं, एसेट एलोकेशन हर उस निवेशक के लिए ज़रूरी है जो अपने पैसे को समझदारी से बढ़ाना चाहता है, चाहे उनकी निवेश की रकम छोटी हो या बड़ी.

Q4: अगर शेयर बाज़ार गिर जाए, तो एसेट एलोकेशन कैसे मदद करता है?

A4: अगर शेयर बाज़ार गिरता है, तो डेट फंड या गोल्ड जैसे कम जोखिम वाले एसेट क्लास आपके पोर्टफोलियो को स्थिरता प्रदान करते हैं और आपके कुल नुकसान को कम करने में मदद करते हैं.

Q5: क्या मैं खुद अपना एसेट एलोकेशन कर सकता हूं?

A5: हां, आप अपने रिसर्च और जानकारी के आधार पर खुद एसेट एलोकेशन कर सकते हैं. लेकिन अगर आपको ज़्यादा समझ नहीं है, तो किसी फाइनेंशियल एक्सपर्ट की सलाह लेना हमेशा बेहतर होता है.

Disclaimer: (शेयर बाजार में निवेश के जोखिमभरा है, इसलिए अगर आपको मार्केट की समझ नहीं है तो फाइनेंशियल एक्‍सपर्ट की सलाह लेकर ही कहीं निवेश का फैसला लें.)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6