&format=webp&quality=medium)
8th Pay Commission: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी जो 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से अपनी सैलरी में बड़ी बढ़ोतरी का सपना देख रहे हैं, उनके लिए बैड न्यूज है. उम्मीद की जा रही थी कि 1 जनवरी 2026 से नई सैलरी (Salary Revision) लागू हो जाएगी. लेकिन, अब जो संकेत मिल रहे हैं, वे बताते हैं कि कर्मचारियों का इंतजार अभी और लंबा होने वाला है. वेतन आयोग के गठन से लेकर इसके लागू होने तक की प्रक्रिया में काफी देरी होने की आशंका है, जिससे कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई है. सरकार की तरफ से अभी तक आयोग का गठन नहीं हुआ है और ना ही TOR (Terms of Reference) को अंतिम रूप दिया गया है. इससे साफ हो गया है कि वेतन में बढ़ोतरी की प्रक्रिया में देरी तय है. आइए जानते हैं कि इस देरी की वजह क्या है और इसका आपकी सैलरी पर क्या असर पड़ेगा.
8वें वेतन आयोग के गठन में हो रही देरी की सबसे बड़ी वजह इसके 'टर्म्स ऑफ रेफरेंस' (TOR) का फाइनल न होना है. TOR वह बुनियाद है जिस पर वेतन आयोग की पूरी इमारत खड़ी होती है. इसमें यह तय किया जाता है कि आयोग किन-किन मुद्दों पर सरकार को अपनी सिफारिशें देगा, उसकी सिफारिशों का दायरा क्या होगा और उसे रिपोर्ट सौंपने के लिए कितना समय मिलेगा. सूत्रों के मुताबिक, इस बार TOR तैयार करने की प्रक्रिया में काफी वक्त लग रहा है. जब तक सरकार TOR को अंतिम रूप नहीं देती, तब तक न तो आयोग का औपचारिक गठन हो सकता है और न ही वह अपना काम शुरू कर सकता है.
VIDEO- 8th Pay Commission: Zero हो जाएगा DA तो सैलरी पर पड़ेगा असर?
गठन में हो रही देरी का सीधा असर सिफारिशों के लागू होने पर पड़ेगा. मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि-
अगर प्रक्रिया में तेजी नहीं आई, तो आयोग का गठन 2025 के अंत तक हो सकता है.
एक बार गठन होने के बाद, आयोग को देश भर के कर्मचारी संगठनों, मंत्रालयों और विशेषज्ञों से परामर्श कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने में कम से कम 15 महीने का समय लगेगा.
इस हिसाब से, 8वें वेतन आयोग की फाइनल रिपोर्ट 2027 की शुरुआत तक ही सरकार को सौंपी जा सकेगी.
रिपोर्ट आने के बाद सरकार उसे कैबिनेट में पास करेगी और फिर उसे लागू करने की अधिसूचना जारी होगी. इस पूरी प्रक्रिया को देखते हुए, कर्मचारियों के हाथ में बढ़ी हुई सैलरी 2027 में ही आने की संभावना है.
सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसका फैसला फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) करता है. यह वह संख्या है जिससे आपकी बेसिक सैलरी को गुणा किया जाता है. 7वें वेतन आयोग में यह 2.57 गुना था. कर्मचारी संगठन लंबे समय से इसे 3.68 गुना करने की मांग कर रहे हैं. लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है, वह चौंकाने वाली है. सूत्रों का कहना है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.92 रहने की संभावना सबसे ज्यादा है. सरकार इसमें कोई बहुत बड़ा बदलाव करने के मूड में नहीं है. अगर फिटमेंट फैक्टर 1.92 रहता है, तो यह कर्मचारियों के लिए एक बड़ा झटका होगा क्योंकि इससे सैलरी में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होगी.
यह एक बड़ा सवाल है कि अगर सैलरी 2027 में बढ़ती है तो क्या कर्मचारियों को नुकसान होगा? यहां एक राहत की बात हो सकती है. सरकार भले ही सिफारिशों को 2027 में लागू करे, लेकिन इसे 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मान सकती है. ऐसा पहले भी हो चुका है. अगर सरकार 8वें वेतन आयोग को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानती है, तो कर्मचारियों को पूरे अंतराल का एरियर (Arrears) मिल सकता है. इसका मतलब है कि जनवरी 2026 से लेकर जब तक नई सैलरी लागू नहीं होती, तब तक के बढ़े हुए वेतन का सारा पैसा एकमुश्त आपके खाते में आ जाएगा. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला सरकार की मंशा और आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करेगा.
8th Pay Commission गठन से पहले TOR (Terms of Reference) बनाना जरूरी है. वेतन आयोग के गठन में हो रही देरी से कर्मचारी संगठन नाराज हैं. वे लगातार सरकार पर दबाव बना रहे हैं कि TOR को जल्द से जल्द फाइनल कर आयोग का गठन किया जाए. उनकी मांग है कि सिफारिशों को हर हाल में 1 जनवरी 2026 से ही लागू किया जाए और देरी होने की स्थिति में बिना किसी कटौती के पूरा एरियर दिया जाए. दरअसल, TOR ही आयोग का फ्रेमवर्क तय करता है. बिना TOR के आयोग की सिफारिशें शुरू नहीं हो सकतीं. सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल TOR के मसौदे पर मंथन चल रहा है और इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है.
सरकार का रुख फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक 2025 की दूसरी छमाही या अंत तक आयोग का गठन संभव है. ऐसे में कर्मचारियों को 2027 से पहले वेतन में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए.
| चरण | अनुमानित समय सीमा |
|---|---|
| आयोग का गठन | 2025 के अंत तक |
| सिफारिशें तैयार करने की अवधि | कम से कम 15 महीने |
| संभावित सिफारिशें पेश | मार्च-अप्रैल 2027 |
| प्रभावी तिथि | 1 जनवरी 2026 (संभावित) |
Q1. क्या 8वें वेतन आयोग का गठन हो चुका है?
नहीं, अभी तक न तो आयोग बना है और न ही TOR तय हुआ है.
Q2. क्या यह 1 जनवरी 2026 से लागू होगा?
सरकार इसे 1 जनवरी 2026 से लागू मान सकती है, लेकिन रिपोर्ट 2027 में आएगी.
Q3. क्या कर्मचारियों को एरियर मिलेगा?
अगर सरकार लागू तिथि 2026 रखती है और रिपोर्ट 2027 में आती है तो एरियर मिलने की संभावना है.
Q4. नया फिटमेंट फैक्टर क्या होगा?
8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.92 रहने की संभावना है.
Q5. क्या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है?
अब तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.