&format=webp&quality=medium)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ.
पिछले कुछ दिनों से अगर आपके मोबाइल पर भी ऐसा कोई मैसेज आया है कि पेट्रोल-डीजल खत्म होने वाला है या पंप बंद होने वाले हैं, तो ठहर जाइए. यह सब सिर्फ एक कोरी अफवाह है. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अब इन भ्रामक खबरों पर अपना डंडा चला दिया है. सरकार ने साफ-साफ लफ्जों में कह दिया है कि प्रदेश में तेल का एक बूंद का भी संकट नहीं है और जो लोग झूठ फैला रहे हैं, उनकी जगह अब जेल के पीछे होगी.
असल में, सोशल मीडिया के जरिए कुछ शरारती तत्वों ने यह माहौल बनाने की कोशिश की कि प्रदेश में ईंधन की भारी किल्लत होने वाली है. इसका नतीजा यह हुआ कि कई जगहों पर लोग घबराहट में अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने लगे. लेकिन अब लखनऊ से आई सरकारी रिपोर्ट ने इन अफवाहों की हवा निकाल दी है.
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (खाद्य एवं रसद विभाग) रणवीर प्रसाद ने गुरुवार को स्थिति एकदम साफ कर दी. उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में डिमांड के हिसाब से पेट्रोल और डीजल भेजा जा रहा है. कहीं भी ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है कि तेल खत्म हो गया हो या सप्लाई रुकी हो. सरकार तेल कंपनियों के साथ हर पल संपर्क में है ताकि किसी भी कोने में कोई दिक्कत न आए.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें-
सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि आवश्यक चीजों को जनता तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है. इसलिए किसी को भी पैनिक होने की जरूरत नहीं है. प्रशासन ने साफ कहा है कि जब आप जरूरत से ज्यादा तेल खरीदने या स्टोर करने की कोशिश करते हैं, तो इससे बेवजह का दबाव सिस्टम पर पड़ता है, जिससे बचना चाहिए.
योगी सरकार ने उन लोगों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है जो व्हाट्सएप या फेसबुक पर तेल की कमी को लेकर फर्जी मैसेज वायरल कर रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे शरारती तत्वों की पहचान की जाए. भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर पुलिस और आईटी सेल की नजर है. सरकार का कहना है कि यह जनता को परेशान करने की एक साजिश है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
हर जिले के डीएम और पुलिस प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है. अधिकारियों को निर्देश मिले हैं कि वे खुद अपने इलाकों के पेट्रोल पंपों का दौरा करें और देखें कि वहां स्थिति सामान्य रहे. अगर कहीं कोई बाधा आती है, तो उसे तुरंत तेल कंपनियों से तालमेल बिठाकर दूर किया जाए.
सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि तेल कारोबार से जुड़े लोग भी यही कह रहे हैं कि घबराने की कोई बात नहीं है. लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य और एसआर फिलिंग स्टेशन के मालिक सर्वेश वाजपेई ने खुद सामने आकर जनता को भरोसा दिलाया है. उनका कहना है कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में मौजूद है.
पंपों पर 24 घंटे काम चल रहा है और गाड़ियों को तेल देने में कोई समस्या नहीं आ रही है. उन्होंने ग्राहकों से गुजारिश की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और न ही तेल को घर में स्टोर करने की कोशिश करें, क्योंकि इसकी कोई जरूरत ही नहीं है.
सरकार ने साफ किया है कि तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई चैन को और मजबूत किया गया है. अतिरिक्त खरीदारी की होड़ से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है. अधिकारियों को साफ कहा गया है कि किसी भी पंप पर लंबी कतारें न लगने दें और अगर कोई जबरदस्ती स्टोर करने की कोशिश करे तो उसे समझाएं.