Baal Aadhaar में क्‍यों नहीं होते बच्‍चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस बायोमेट्रिक्स! क्‍या है इसे अपडेट कराने का तरीका

बच्चों के Aadhaar में शुरुआती तौर पर फिंगरप्रिंट और आइरिस क्यों नहीं लिए जाते, कब और किस तरह इन बायोमेट्रिक्स को अपडेट कराना जरूरी है और इसके लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए? आसान भाषा में समझिए पूरी बात.
Baal Aadhaar में क्‍यों नहीं होते बच्‍चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस बायोमेट्रिक्स! क्‍या है इसे अपडेट कराने का तरीका

5 साल से कम उम्र के बच्‍चों के लिए बाल आधार (Baal Aadhaar) बनता है. इसे Blue Aadhaar भी कहा जाता है. बाल आधार 5 साल की उम्र के बाद इनएक्टिव हो जाता है. इसका कारण है कि बाल आधार में बच्‍चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस बायोमेट्रिक्स नहीं होते हैं. इसलिए इनके आधार कार्ड को 5 साल की उम्र के बाद अपडेट कराना पड़ता है. जानिए इसकी क्‍या है वजह और क्‍या है बाल आधार को अपडेट करवाने का तरीका.

बाल आधार में क्यों नहीं होते फिंगरप्रिंट और आइरिस बायोमेट्रिक्स?

बाल आधार में क्यों नहीं होते फिंगरप्रिंट और आइरिस बायोमेट्रिक्स? इसका सीधा सा जवाब है कि इस उम्र में उनके उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियां पूरी तरह से विकसित नहीं होते हैं, जिससे सटीक बायोमेट्रिक पहचान संभव नहीं होती है. ऐसे बच्चों का आधार कार्ड सिर्फ फोटो, नाम, जन्मतिथि, लिंग और पते जैसी बुनियादी जानकारी के आधार पर बनाया जाता है.

5 साल बाद अपडेट कराना होता है

UIDAI के नियम के मुताबिक बाल आधार को 5 साल की उम्र के बाद अपडेट कराना जरूरी है. इसके बदा दूसरी बार 15 साल की उम्र में अपडेट कराया जाता है. जब बच्चा 5 साल का हो जाता है, तो उसके बायोमेट्रिक्स (फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन) लिए जाते हैं. वहीं जब बच्‍चा 15 साल का हो जाता है, तब उसके बायोमेट्रिक्स को फिर से अपडेट किया जाता है. ये दूसरा अपडेट भी अनिवार्य है क्योंकि इस उम्र तक बच्चे के बायोमेट्रिक्स लगभग स्थिर हो जाते हैं.

बाल आधार अपडेट कराने का पूरा तरीका

बाल आधार को अपडेट कराने का प्रोसेस बहुत आसान है. आपको अपने बच्चे को लेकर नजदीकी आधार नामांकन केंद्र या स्थायी आधार सेवा केंद्र जाना होगा. ये स्टेप्स फॉलो करें:

पहला अपडेट: जब बच्चा 5 साल का हो जाए

  • केंद्र पर जाएं: बच्चे को माता-पिता में से किसी एक के साथ नजदीकी आधार केंद्र ले जाएं.
  • जरूरी दस्तावेज: आपको बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) या स्कूल आईडी, और माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड साथ ले जाना होगा.
  • फॉर्म भरें: आधार केंद्र पर आपको एक अपडेट/नामांकन फॉर्म भरना होगा.
  • बायोमेट्रिक कैप्चर: इस स्टेज पर बच्चे के 10 फिंगरप्रिंट और दोनों आइरिस स्कैन लिए जाएंगे.
  • फोटो: बच्चे की नई फोटो भी ली जा सकती है.
  • रसीद: प्रोसेस पूरा होने पर आपको एक अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (URN) वाली रसीद मिलेगी. इस रसीद को संभाल कर रखें.
  • अपडेट का स्टेटस: आप UIDAI की वेबसाइट पर URN का इस्तेमाल करके अपने अपडेट का स्टेटस चेक कर सकते हैं.

दूसरा अपडेट: जब बच्चा 15 साल का हो जाए

जब बच्चा 15 साल का हो जाता है, तो बायोमेट्रिक्स को फिर से अपडेट कराना होता है. ये प्रक्रिया पहले अपडेट जैसी ही होती है:

  • केंद्र पर जाएं: किशोर को माता-पिता या अभिभावक के साथ आधार केंद्र ले जाएं.
  • आवश्यक दस्तावेज: बच्चे का मौजूदा आधार कार्ड और अगर कोई पहचान या पते का नया प्रमाण है तो वो साथ ले जाएं (जैसे स्कूल आईडी, मार्कशीट, जन्म प्रमाण पत्र).
  • फॉर्म भरें: अपडेट/नामांकन फॉर्म भरना होगा.
  • बायोमेट्रिक कैप्चर: इस बार बच्चे के सभी 10 फिंगरप्रिंट और दोनों आइरिस स्कैन फिर से लिए जाएंगे. इस उम्र तक बायोमेट्रिक्स पूरी तरह से विकसित और स्थिर हो जाते हैं.
  • फोटो: नई फोटो भी ली जाएगी.
  • रसीद: आपको URN वाली रसीद मिलेगी.
  • अपडेट का स्टेटस: आप UIDAI की वेबसाइट पर स्टेटस चेक कर सकते हैं.

FAQs (अक्सर पूछे जाने वाले सवाल)

Q1: बाल आधार क्या है?

A1: बाल आधार 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जारी किया जाने वाला नीला रंग का आधार कार्ड है.

Q2: बाल आधार में बच्चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस क्यों नहीं होते?

A2: 5 साल से कम उम्र के बच्चों के बायोमेट्रिक्स (फिंगरप्रिंट और आइरिस) लगातार बदलते और विकसित होते रहते हैं, इसलिए इस उम्र में बायोमेट्रिक्स नहीं लिए जाते.

Q3: बाल आधार को कब-कब अपडेट कराना होता है?

A3: बाल आधार को दो बार अपडेट कराना होता है: पहला जब बच्चा 5 साल का हो जाए और दूसरा जब बच्चा 15 साल का हो जाए.

Q4: बाल आधार अपडेट कराने के लिए क्या दस्तावेज चाहिए?

A4: बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल आईडी, और माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड चाहिए होता है.

Q5: अगर बाल आधार को 5 या 15 साल की उम्र में अपडेट न कराएं तो क्या होगा?

A5: अगर निर्धारित उम्र पर बाल आधार अपडेट नहीं कराया जाता, तो आधार निष्क्रिय हो सकता है और बच्चा आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ नहीं ले पाएगा.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6