चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में आज पहले चरण और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोटिंग चल रही है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 16 जिलों में फैली 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है.निर्वाचन आयोग के मुताबिक सुबह 11 बजे तक तमिलनाडु में 37.57 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 41.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. पीएम मोदी समेत सभी नेताओं ने मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है.
पश्चिम बंगाल के इन जिलों में वोटिंग
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में जिन 16 जिलों में मतदान हो रहा है, वे हैं-उत्तर बंगाल में कूच बिहार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर व मालदा और दक्षिण बंगाल में मुर्शिदाबाद, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम.
Add Zee Business as a Preferred Source
पश्चिम मेदनीपुर में सबसे ज्यादा, मालदा में सबसे कम वोटिंग
- चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 11 बजे तक पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सबसे ज्यादा 44.68% वोटिंग हुई है. वहीं, मालदा में सबसे कम 38.22% मतदान दर्ज किया गया है.
- पहले चरण में जिन सटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें नंदीग्राम भी शामिल हैं जहां से नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी मैदान पर हैं.
- साल 2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था.
- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खड़गपुर सदर उम्मीदवार और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी पश्चिम मेदिनीपुर जिले के औद्योगिक शहर में स्थित सेरोसा स्टेडियम के बूथ नंबर 263 पर अपना वोट डाला.
- पहले चरण का मतदान अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जा रहा है। इसमें केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, इंडिया रिजर्व बटालियन और अन्य राज्यों की सशस्त्र पुलिस शामिल हैं.
तमिलनाडु में 4023 उम्मीदवार मैदान में
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4023 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे. निर्वाचन आयोग के मुताबिक सुबह 11 बजे तिरुप्पर और नामक्कल जिले में सबसे ज्यादा 41 फीसदी और निलगिरी में सबसे कम 32.62 फीसदी मतदान हुआ है.
- सुबह 11 बजे तक राजधानी चेन्नई में 35.47 फीसदी और कोयंबतूर में 38.62 फीसदी मतदान हुआ. मदुरई में 36.22 फीसदी वोटिंग हुई है.
- प्रदेश के सीएम और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) अध्यक्ष एम.के स्टालिन ने चेन्नई में वोट डाला. स्टालिन कोलाथुर से DMK उम्मीदवार भी हैं.
- भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कोयंबतूर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. इसके अलावा रजनिकांत, कमल हासन, विजय सेतुपति, क्रिकेटर आर.अश्विन जैसे बड़े सितारों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.
- तमिलनाडु में एमडीएम और एआईएडीएमके के बीच मुख्य मुकाबला है. भारतीय जनता पार्टी AIADMK के साथ गठबंधन में है और कुल 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.
- अन्य दलों में नाम तमिलर काची (एनटीके) और एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) भी शामिल हैं.
Zee Business Live TV यहां पर देखें
दो स्तरीय सत्यापन प्रोसेस
मतदाताओं को इस बार दो-स्तरीय सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है. पहला सत्यापन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश से पहले किया जा रहा है, और दूसरा संबंधित बूथ-स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) द्वारा मतदान कक्ष में प्रवेश से पहले.
- मतदान शुरू होने के समय कुछ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन ईवीएम) में खराबी की खबरें भी सामने आईं.
- पश्चिम बर्दवान जिले के औद्योगिक नगर दुर्गापुर के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम की बैटरी निष्क्रिय होने के कारण अनिवार्य मॉक पोलिंग समय पर शुरू नहीं हो सकी.
- उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी और अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले के बहारामपुर के कुछ मतदान केंद्रों पर भी मॉक पोलिंग नहीं हो पाई.
- पश्चिम बंगाल में शेष 142 विधानसभा सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा जबकि चारों राज्यों की मतगणना 4 मई को की जाएगी.