&format=webp&quality=medium)
UPSC CSE Results 2024: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 के नतीजे घोषित कर दिया है. सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शक्ति दुबे ने टॉप किया है. हर्षिता गोयल और डोंगरे अर्चित पराग को दूसरा और तीसरा स्थान मिला है. UPSC ने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा 2024 में कुल 1009 कैंडीडेट्स पास हुए हैं.
बता दें कि UPSC सिविल परीक्षा 2024 में टॉप करने वाली शक्ति दुबे (Shakti Dubey) ने पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशंस को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था. शक्ति दुबे ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बायोकैमिस्ट्री में स्नातक किया है. उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें इस प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर में पहला स्थान दिलाया.
दूसरे स्थान पर रहीं हर्षिता गोयल, जिन्होंने एमएस यूनिवर्सिटी, बड़ौदा से बीकॉम किया है और वही वैकल्पिक विषय चुना जो शक्ति दुबे का था. वहीं तीसरे स्थान पर डोंगरे अर्चित पाराग रहे, जिन्होंने VIT वेल्लोर से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में B.Tech किया है. उन्होंने फिलॉसफी को अपना वैकल्पिक विषय बनाया.
टॉप 5 में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जो महिला उम्मीदवारों की उत्कृष्ट भागीदारी को दर्शाता है. चौथे स्थान पर गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकीं शाह मारगी चिराग रहीं और पांचवें स्थान पर रहे आकाष गर्ग, जिन्होंने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी, दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में B.Tech किया है. इन दोनों ने सोशियोलॉजी को अपना वैकल्पिक विषय चुना.
UPSC के अनुसार, इस साल परीक्षा में 9.92 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5.83 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए. प्रीलिम्स के बाद 14,627 उम्मीदवार मेन्स के लिए चयनित हुए, और सितंबर 2024 में मेन्स आयोजित हुई थी. इनमें से 2,845 उम्मीदवार इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के लिए बुलाए गए और अंततः 1,009 उम्मीदवारों (725 पुरुष और 284 महिलाएं) को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई.
टॉप 25 में शामिल उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष हैं, जिनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, चिकित्सा और वास्तुकला जैसे क्षेत्रों से है. IIT, NIT, JNU, DU, VIT जैसे प्रमुख संस्थानों के छात्र इस सूची में शामिल हैं.
इतना ही नहीं, इस बार 45 दिव्यांग उम्मीदवारों को भी चयनित किया गया है, जिनमें 12 ऑर्थोपेडिकली हैंडिकैप्ड, 8 विजुअली चैलेंज्ड, 16 हियरिंग इम्पेयर्ड और 9 मल्टीपल डिसेबिलिटी वाले उम्मीदवार शामिल हैं.