सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए सीएम, अमित शाह ने किया नाम का ऐलान, नहीं होगा कोई डिप्टी सीएम

सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे. भाजपा की विधायक दल की बैठक में अधिकारी को नेता चुना गया है. भारतीय जनता पार्टी पहली बार पश्चिम बंगाल में सरकार बना रही है.
सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए सीएम, अमित शाह ने किया नाम का ऐलान, नहीं होगा कोई डिप्टी सीएम

सुवेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के पहले भाजपाई सीएम.

पश्चिम बंगाल के नए सीएम का सस्पेंस खत्म हो गया है. भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगी है, इसी के साथ वह भाजपा की तरफ से बंगाल के पहले सीएम बन गए हैं. बतौर पर्यवेक्षक कोलकाता पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया है. वहीं, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा. 09 मई को सुबह 11 बजे ब्रिगेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा.

नहीं होगा कोई डिप्टी सीएम

सुवेंदु अधिकारी राज्यपाल आर.एन.रवि के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. वहीं, बंगाल में कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा. अमित शाह ने बताया कि प्रस्ताव में कोई दूसरा नाम नहीं आया और एक ही नाम पर सहमति बनी थी.

दो सीटों से जीता चुनाव

  • सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर से दो सीटों पर चुनाव लड़ा था. दोनों सीटों पर उन्हें जीत मिली थी.
  • भवानीपुर सीट से उन्होंने पूर्व सीएम ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था.
  • साल 2021 से 2026 तक वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे थे. साल 2021 में उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम से हराया था.
  • सुवेंदु अधिकारी इससे पहले ममता सरकार में कई अहम पदों पर रह चुके हैं. साल 2020 में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे.

कांग्रेस से शुरू किया राजनीतिक सफर

सुवेंदु अधिकारी ने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी. 1995 में वह कांथी नगर पालिका के पार्षद चुने गए थे. ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस से टूटकर टीएमसी पार्टी बनाए जाने के बाद वह 1998 में टीएमसी में शामिल हो गए.

ममता सरकार में रहे मंत्री

  • साल 2007 में नंदीग्राम आंदोलन में उनकी अहम भूमिका रही थी, इस आंदोलन ने 34 साल से सत्ता में काबिज वाम दल को सत्ता से उखाड़ दिया.
  • साल 2009 और साल 2014 में तामलुक से सांसद रहे थे. साल 2016 विधानसभा चुनाव में वह नंदीग्राम से विधायक चुने गए.
  • दूसरी ममता सरकार में सुवेंदु अधिकारी परिवहन, सिंचाई और जल संसाधन मंत्री के तौर पर काम किया.

राज्यपाल ने ममता सरकार को किया बर्खास्त

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों में से 207 सीटें जीतकर पहली बार बंगाल में सरकार बना रही है. 1 सीट (फलाता) में बाद में चुनाव होगा. 2026 बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिली थी. वहीं, कांग्रेस को 2 और वाम दल को 1 सीट मिली थी. चुनाव नतीजों के बाद पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने से इंकार कर दिया था. इसके बाद राज्यपाल ने गुरुवार को सरकार को बर्खास्त कर दिया था. 7 मई को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो गया था.

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6