एक साल तक सोना नहीं खरीदेंगे अधिकारी! शिवराज सिंह चौहान ने लिया बड़ा फैसला, वर्चुअल मीटिंग और कार-पूलिंग पर जोर

नई दिल्ली के कृषि भवन में हुई बैठक में सरकारी खर्च कम करने, बिजली और ईंधन बचाने और कामकाज को ज्यादा डिजिटल बनाने पर जोर दिया गया.
एक साल तक सोना नहीं खरीदेंगे अधिकारी! शिवराज सिंह चौहान ने लिया बड़ा फैसला, वर्चुअल मीटिंग और कार-पूलिंग पर जोर

एक साल तक सोना नहीं खरीदेंगे अधिकारी, शिवराज सिंह ने लिया बड़ा फैसला (फोटो - Canva)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत, संसाधनों के सही इस्तेमाल और आत्मनिर्भर भारत की अपील को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई बड़े फैसले किए हैं. नई दिल्ली के कृषि भवन में हुई बैठक में सरकारी खर्च कम करने, बिजली और ईंधन बचाने और कामकाज को ज्यादा डिजिटल बनाने पर जोर दिया गया.

बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा उस फैसले की हुई, जिसमें अधिकारियों ने तय किया कि अगले एक साल तक वे सोना नहीं खरीदेंगे. हालांकि बेटी की शादी या किसी जरूरी पारिवारिक काम के लिए छूट रहेगी. इसे सरकारी आदेश नहीं बल्कि एक सामाजिक और नैतिक पहल बताया गया है.

अब वर्चुअल मोड में होंगी बड़ी कॉन्फ्रेंस

सरकार ने फैसला किया है कि गुवाहाटी और विशाखापट्टनम में होने वाली दो बड़ी कृषि कॉन्फ्रेंस अब ऑनलाइन होंगी. इससे यात्रा, होटल और दूसरे खर्चों में काफी बचत होगी.

20% कर्मचारियों को मिलेगा वर्क फ्रॉम होम

बैठक में यह भी तय किया गया कि करीब 20% कर्मचारियों को रोटेशन के आधार पर वर्क फ्रॉम होम दिया जाएगा. हालांकि कामकाज पर असर नहीं पड़ना चाहिए. घर से काम करने वाले कर्मचारी फोन, ईमेल और वीडियो कॉल के जरिए उपलब्ध रहेंगे.

कार-पूलिंग और बिजली बचाने पर जोर

ईंधन बचाने के लिए मंत्रालय में सप्ताह में एक दिन कार-पूलिंग लागू की जाएगी. इसके अलावा सरकारी गाड़ियों के इस्तेमाल को भी कम करने की योजना है.

बिजली बचाने के लिए निर्देश दिए गए हैं कि जरूरत न होने पर लाइट, पंखे, AC और कंप्यूटर बंद रखें. AC और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल को भी नियंत्रित किया जाएगा.

सरकारी दौरों पर कंट्रोल

सरकार अब सिर्फ जरूरी सरकारी दौरे ही करेगी. जहां संभव होगा, वहां मीटिंग और समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाएगी ताकि खर्च कम हो सके.

Zee Business Hindi Live TV यहां देखें

खाद्य तेल की खपत कम करने पर फोकस

बैठक में खाद्य तेल के ज्यादा इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई गई. सरकार लोगों को कम और संतुलित तेल इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करेगी. इससे लोगों की सेहत बेहतर होगी और खाद्य तेल के आयात पर निर्भरता भी कम होगी.

प्राकृतिक खेती और “खेत बचाओ अभियान”

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है. इसके लिए “खेत बचाओ अभियान” शुरू किया जाएगा.

इस अभियान में वैज्ञानिक गांवों में जाकर मिट्टी की जांच करेंगे और किसानों को बताएंगे कि कौन-सा खाद कितना इस्तेमाल करना चाहिए. इससे खेती की लागत कम होगी और जमीन की गुणवत्ता भी बनी रहेगी. यह अभियान 1 जून से 15 दिनों तक पूरे देश में चलाया जाएगा.

खरीफ कॉन्फ्रेंस में प्राकृतिक खेती पर चर्चा

28 और 29 मई को होने वाली खरीफ कॉन्फ्रेंस में प्राकृतिक खेती और संतुलित खाद इस्तेमाल पर खास चर्चा होगी. इसके लिए Acharya Devvrat को भी बुलाया जाएगा ताकि वे अपने अनुभव साझा कर सकें.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छोटे-छोटे बचत वाले कदम भी देश के लिए बड़े फायदे ला सकते हैं. उनके मुताबिक संसाधनों का सही इस्तेमाल करना हर नागरिक और सरकार की जिम्मेदारी है.

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6