&format=webp&quality=medium)
सज्जन जिंदल का कहना है कि सरकार को धारा 370 खत्म कर देना चाहिए (फोटो- ट्विटर).
जानेमाने उद्योगपति और जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल (Sajjan Jindal) ने पुलवामा आतंकी हमले (Pulwama Attack) पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार को संसद का सत्र बुलाकर धारा 370 को खत्म कर देना चाहिए. उन्होंने आरपार की कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा कि सरकार जम्मू और कश्मीर को विशेषाधिकार देने वाली धारा 370 को खत्म करने की पहले करे, और फिर देखते हैं कि कौन पार्टी इसका समर्थन करती है और कौन नहीं करती है.
सज्जन जिंदल ने कहा है, 'आतंकवादियों को सबक सिखाने का यही समय है. हमें इस समस्या को हमेशा के लिए खत्म करने की जरूरत है. हमारे महान देश में किसी को भी... किसी को भी इस कायराना हमले का समर्थन नहीं करना चाहिए.'
उन्होंने आगे कहा, 'सरकार को संसद का एक आपातकालीन सत्र बुलाना चाहिए और धारा 370 को खत्म कर देना चाहिए. देख को भी पता चले कि कौन सी पार्टी इसका समर्थन करती है और कौन सी नहीं करती है. हमें आरपार की बात करनी होगी.'
जिंदल ने कहा कि हमें दुनिया को ये बता देना चाहिए कि वे हमारे साथ कुछ गलत नहीं कर सकते हैं. भारत को धमकाया नहीं जा सकता है. जब कोई भी हमारे ऊपर हमला करता है तो हम निर्णायक रूप से कोई भी कदम उठा सकते हैं. पुलवामा में जब सेना का काफिला गुजर रहा था तभी जेईएम के फिदायीन हमलावर ने 100 किलोग्राम विस्फोटकों से भरी कार से सीआरपीएफ की बस में टक्कर मार दी जिसमें 40 जवान शहीद हो गए.