&format=webp&quality=medium)
पावर ग्रिड का कैंपेन (फाइल फोटो)
भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के तहत आने वाली महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) ने देशभर में अपने कार्यालयों और परिसरों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया. इस पहल का उद्देश्य स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर कार्य वातावरण को बढ़ावा देना और कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा.
पावरग्रिड का यह अभियान स्वच्छ भारत और हरित भारत के निर्माण के प्रति कंपनी की लगातार प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस दौरान देशभर के विभिन्न कार्यालयों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सफाई अभियान, शपथ ग्रहण और जन-जागरूकता गतिविधियां प्रमुख रहीं.
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली और अपने कार्यस्थलों, आसपास के क्षेत्रों और दैनिक जीवन में साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया. कर्मचारियों ने यह संदेश भी दिया कि स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए.
इस मौके पर कार्यालय परिसरों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया. कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया.
गुरुग्राम स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पावरग्रिड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री वामसी राम मोहन बुर्रा, निदेशक (वित्त) श्री जी. रविशंकर, निदेशक (कार्मिक) डॉ. यतीन्द्र द्विवेदी, निदेशक (संचालन) श्री नवीन श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया और इस अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें
लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया. इस प्रस्तुति के जरिए स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आसान और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया गया.
पावरग्रिड देश की प्रमुख विद्युत संचरण कंपनियों में शामिल है और 30 मई 2026 तक कंपनी 291 उपकेंद्रों, 1,85,102 सर्किट किलोमीटर से अधिक लंबी विद्युत संचरण लाइनों और 6,28,516 एमवीए रूपांतरण क्षमता का संचालन कर रही है. कंपनी उन्नत तकनीक, स्वचालन और डिजिटल समाधानों के उपयोग से लगातार 99.78 प्रतिशत से अधिक की औसत संचरण प्रणाली उपलब्धता बनाए रखने में सफल रही है.
पावरग्रिड का मानना है कि स्वच्छता और सतत विकास बेहतर भविष्य की मजबूत नींव हैं और कंपनी इसी दिशा में आगे भी लगातार काम करती रहेगी.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)