&format=webp&quality=medium)
PM Narendra Modi Manipur Visit: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में पिछले ढाई साल से चल रही हिंसा के जख्मों पर पीएम नरेंद्र मोदी 8,500 करोड़ रुपये के कई प्रोजेक्ट्स का मरहम लगाएंगे. 3 मई 2023 को जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 13 सितंबर को होने वाली यह पहली मणिपुर यात्रा होगी. इस दौरान पीएम मोदी 8,500 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं को उद्घाटन और शिलन्यास भी करेंगे. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी है. गौरतलब है कि मणिपुर में फिलहाल राष्ट्रपति शासन लगा है. मणिपुर के पूर्व सीएम एन.बीरेन.सिंह इस्तीफा दे चुके हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, पीएम मोदी चुराचांदपुर के पीस ग्राउंड से 7300 करोड़ रुपए मूल्य की अलग-अलग विकास प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखेंगे. चुराचांदपुर में कुकी समुदाय बहुसंख्य हैं. वहीं, पीएम मेइती बहुल राज्य की राजधानी इंफाल से 1200 करोड़ रुपए की बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट्स का भी उद्घाटन करेंगे. आपको बता दें कि राज्य में कुकी और मेइती के बीच चल रही जातीय हिंसा में अभी तक 260 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और हजारों लोग अपने घर से बेघर हो गए हैं.
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्वोत्तर राज्य की संभावित यात्रा से पहले राजभवन में पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह सहित कई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों और शीर्ष नौकरशाहों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की थी. बैठक में कुल 32 भाजपा विधायकों समेत बीरेन सिंह मौजूद थे. वहीं मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल, सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव सिंह भी बैठक में मौजूद रहे. साथ ही भाजपा की राज्य इकाई की अध्यक्ष ए शारदा देवी भी मौजूद थीं.
पीएम मोदी के दौरे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, सांसद और पूर्वोत्तर राज्यों के समन्वयक डॉ. संबित पात्रा और राज्यसभा सांसद अजीत गोपछड़े बुधवार को इंफाल पहुंचे. इन दोनों नेताओं की यात्रा का उद्देश्य आधिकारिक तौर पर नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह प्रधानमंत्री मोदी की आगामी यात्रा से संबंधित है.