11 महीने बाद पीएम मोदी की मंत्रिपरिषद के साथ बैठक, 12 मंत्रालय देंगे प्रेजेंटेशन, इन मुद्दों पर होगा फोकस

पीएम मोदी पांच देशों की विदेश यात्रा से लौटने के बाद मंत्रिपरिषद के साथ बैठक करेंगे. यह बैठक 11 महीने के बाद हो रही है. पिछले साल 4 जून 2025 को यह बैठक हुई थी.
11 महीने बाद पीएम मोदी की मंत्रिपरिषद के साथ बैठक, 12 मंत्रालय देंगे प्रेजेंटेशन, इन मुद्दों पर होगा फोकस

पीएम नरेंद्र मोदी मंत्रिपरिषद के साथ बैठक करेंगे.  (PTI File Photo)

पांच देशों की यात्रा से लौटे पीएम नरेंद्र मोदी सेवा तीर्थ (पीएमओ) में मंत्रिपरिषद की बैठक लेंगे. गौरतलब है कि मोदी मंत्रिपरिषद की 11 महीने बाद बैठक हो रही है. इससे पहले मंत्रिपरिषद की बैठक पिछले साल 4 जून 2025 को हुई थी. केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच यह एक महत्वपूर्ण बैठक है. बैठक के करीब 4-5 घंटे चलने की संभावना है. आपको बता दें कि 9 जून को मोदी सरकार 3.0 के दो साल और मोदी सरकार के केंद्र सरकार में 12 साल पूरे हो रहे हैं.

1 दर्जन मंत्रालय देंगे प्रेजेंटेशन

मंत्रिपरिषद की बैठक में सुधारों को लेकर करीब एक दर्जन मंत्रालय अपनी प्रेजेंटेशन देंगे. ऊर्जा, वित्त, रेलवे, वाणिज्य, श्रम, कृषि, वन एवं पर्यावरण, सड़क परिवहन, परमाणु ऊर्जा, डीपीआईआईटी आदि मंत्रालयों के सचिव प्रेजेंटेशन देंगे.

सुधारों पर होगी चर्चा

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद सभी मंत्रालय पिछले दो वर्षों में सुधारों के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी कैबिनेट सचिवालय को सौंप चुके हैं.
  • अपने मंत्रालयों द्वारा सुधारों की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे, साथ ही यह भी बताएंगे कि आगे सुधार किस तरह किए जाएंगे.
  • बैठक में पश्चिम एशिया के युद्ध के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने की संभावना है.
  • न्यूज एजेंसी ANI के सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक को मौजूदा सरकार के गवर्नेंस की एक महत्वपूर्ण मिडटर्म समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है. इस अहम चर्चा में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और राज्य मंत्री हिस्सा लेंगे.

गवर्नेंस और एनर्जी सिक्युरिटी पर फोकस

ANI के मुताबिक मंत्रिपरिषद की बैठक में सबसे प्रमुख फोकस गवर्नेंस के साथ-साथ देश की एनर्जी सिक्योरिटी और लगातार बढ़ती ईंधन की कीमतों पर रहने की भी संभावना है.

ऊंचे स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें

  • बैठक ऐसे वक्त में हो रही है जब पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के आसपास हो रहे भारी व्यवधानों के कारण वैश्विक स्तर पर एनर्जी सिक्योरिटी को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं.
  • अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच इस साल की शुरुआत में हुए संघर्ष के कारण उपजे तनाव से ग्लोबल बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार उच्च स्तर पर बनी हुई हैं.
  • मंगलवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया था. राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह 98.64 रुपए प्रति लीटर हो गया.
  • डीजल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है. इससे पहले 15 मई को कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ था.

Zee Business Live TV यहां पर देखें

पांच देशों के दौरे से लौटे पीएम मोदी

मंत्रिपरिषद की यह अहम मीटिंग पीएम मोदी के पांच देशों के सफल आधिकारिक दौरे के बाद आयोजित की जा रही है. इस दौरे में यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली शामिल थे. खासतौर से, अपनी इटली यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ अहम द्विपक्षीय बातचीत की है. इस बातचीत के बाद दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को "स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप" के स्तर तक बढ़ा दिया है.

(ANI इनपुट के साथ)

Add Zee Business as a Preferred Source
  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6