प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के दूसरे पड़ाव नीदरलैंड्स दौरे का समापन किया. इस यात्रा में भारत और नीदरलैंड्स के बीच आर्थिक साझेदारी, निवेश, सेमीकंडक्टर, शिपिंग, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी और हाई-एंड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई. इसके अलावा पीएम मोदी ने बड़ी कंपनियों के सीईओ के साथ राउंडटेबल में हिस्सा लिया. नीदरलैंड्स की प्रमुख कंपनियों के सीईओ ने भारत में पिछले 10-12 वर्षों में आए बदलावों की सराहना की और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ की.
दोनों देशों के रिश्तों को मिलेगी गति
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- "ये अलग-अलग नतीजे दोनों देशों के रिश्तों को गहरी गति देंगे और विकास तथा समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा." पीएम मोदी की यात्रा से भारत और नीदरलैंड के बीच 17 अहम नतीजे आए हैं:
- साल 2026 से 2030 तक स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का रोडमैप, चोल वंश की तांबे की प्लेटों की वापसी.
- आवाजाही और इमिग्रेशन पर समझौता. धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब बनाने में मदद के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और ASML के बीच समझौता.
- रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग पर नए समझौते के तहत एक जॉइंट वर्किंग ग्रुप बनाना.
- बेंगलुरु में डेयरी ट्रेनिंग के लिए इंडो-डच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना करना.
- पशुपालन और डेयरी के क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय और नीदरलैंड्स के कृषि, मत्स्य पालन, फूड सिक्योरिटी और प्रकृति मंत्रालय के बीच एक संयुक्त घोषणा.
- शिक्षा क्षेत्र में नालंदा यूनिवर्सिटी, भारत और यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रोनिंगन, नीदरलैंड के बीच अकादमिक सहयोग पर एमओयू और लेडेन यूनिवर्सिटी लाइब्रेरीज और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए.
बिजनेस-टू-बिजनेस संबंधों को मजबूत होने का स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नीदरलैंड के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस संबंधों के मजबूत होने का स्वागत किया और भारतीय अर्थव्यवस्था में डच कंपनियों की बढ़ती दिलचस्पी की तारीफ की है.
FTA को जल्द लागू करने पर जोर
- उन्होंने हालिया आर्थिक सुधारों और नीतिगत पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार कारोबार सुगमता बढ़ाने और स्थिर, पारदर्शी एवं भरोसेमंद नीति वातावरण तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है.
- प्रधानमंत्री ने डच कंपनियों को समुद्री क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भारत में निवेश के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया.
- डच पीएम रॉब जेटन और पीएम मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया.
- यह एफटीए भारत और यूरोपीय संघ को खुले बाजार, समावेशी विकास और मजबूत सप्लाई चेन के लिए भरोसेमंद साझेदार के रूप में और मजबूत करेगा.
नॉर्वे, स्वीडन और इटली जाएंगे पीएम मोदी
डच प्रधानमंत्री रॉब जेटन ने भारत और नीदरलैंड के बीच घोषित नई रणनीतिक पार्टनरशिप को एक बड़ा मील का पत्थर बताया है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र, सुशासन और अंतरराष्ट्रीय कानून व्यवस्था जैसे साझा मूल्यों पर दुनिया भर में दबाव बढ़ा है. पीएम नरेंद्र मोदी नीदरलैंड्स के शाही परिवार राजा विलेम अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मिले. नीदरलैंड्स के बाद पीएम की यात्रा का अगला पड़ाव स्वीडन और नॉर्वे होगा. पांच देशों की यात्रा का समापन वह इटली में करेंगे.