&format=webp&quality=medium)
आज रात 8 बजे PM मोदी देश को संबोधित करेंगे. पिछले कई दिनों से भारतीय सेना की तरफ से भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर कई सारी जानकारियां साझा की गई हैं. ऐसे में अब कयास लगाए जाने लगे हैं कि पीएम मोदी भारत-पाकिस्तान तनाव पर कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं.
'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला संबोधन होगा. जानकारी के अनुसार, इस दौरान पीएम मोदी ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कर सकते हैं. इसके अलावा, वह राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और भविष्य की रणनीतियों पर भी अपनी बात रख सकते हैं.
पीएम मोदी का यह संबोधन ऑपरेशन सिंदूर के परिणाम और सरकार की आगामी दिशा पर केंद्रित हो सकता है. पीएम मोदी के संबोधन का देशभर के टीवी चैनल, रेडियो स्टेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारण किया जाएगा, जिसमें पीएम के संदेश और आगे की रणनीति पर नजर होगी.
पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी. इसके बाद भारत की तरफ से 6-7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर चलाते हुए पाकिस्तानी धरती पर चल रहे 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया था. उसके बाद से ही पाकिस्तान और भारत के बीच में तनाव का माहौल है.
7-8 मई की रात से लेकर 3 दिनों तक भारत और पाकिस्तान के बीच में सीमा पर गोलीबारी और हवाई हमले भी हुए. पाकिस्तान के सभी हमलों का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया. वहीं 10 मई को डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्षविराम के बारे में एक पोस्ट किया, जिसके बाद से छुपटुप गोलीबारी ही हुई है.
पीएम मोदी के आज के संबोधन से यही कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इस मामले पर कुछ बड़ी बात कह सकते हैं. दरअसल, जब से सीजफायर की बात हुई है, तब से ही राजनीति भी गरम हो गई है. विपक्ष पीएम मोदी से सवाल कर रहा है कि दो देशों के बीच अमेरिका क्यों आ रहा है? उसमें भी ट्रंप ने अगले दिन एक पोस्ट कर के कश्मीर मुद्दे का हल निकालने की कोशिश करने की बात कह कर राजनीति को गरम कर दिया है. सवाल उठने लगे हैं कि कश्मीर मुद्दे पर कोई तीसरा देश कैसे मध्यस्तता कर सकता है.