&format=webp&quality=medium)
Fuel Stock in India
मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की किल्लत पर कई तरह की अफवाहें उड़ाई जा रही है. अब सरकारी एजेंसी PIB ने इन अफवाहों का फैक्ट चेक किया है. PIB ने उन खबरों को भ्रामक बताया है, जिसमें दावा किया गया है कि भारत के पास केवल 5 से 10 दिनों का ही तेल भंडार बचा है. PIB ने एक बार फिर साफ किया है कि देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल और LPG की कोई कमी नहीं है. फ्यूल की सप्लाई पूरी तरह से स्थिर और सुरक्षित है.
PIB Fact Check ने कहा कि भारत के पास कुल 74 दिनों की रिजर्व क्षमता है, जिसमें से फिलहाल स्टॉक कवर लगभग दो महीने का है. इस रिजर्व में कच्चा तेल, पेट्रोलियम प्रोडक्ट और भूमिगत गुफाओं में रखे गए रणनीतिक भंडार शामिल है.
पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित भ्रामक वीडियो और पोस्टों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है, जिनमें चुनिंदा रूप से कतारों की तस्वीरें, अन्य देशों में सीमित सप्लाई के ग्लोबल न्यूज फुटेज और भारत में लॉकडाउन तथा इमरजेंसी ईंधन उपायों के पूरी तरह से फर्जी और मनगढ़ंत दावों का उपयोग करके कमी की पूरी तरह से झूठी धारणा पैदा की गई है.
शरारती तत्वों द्वारा फैलाई जा रही गलत सूचना
पेट्रोलिमयम मंत्रालय के मुताबिक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की स्थिति के बावजूद, भारत को आज दुनिया भर के अपने 41 से अधिक सप्लायर्स देशों से पहले की तुलना में अधिक कच्चा तेल हासिल हो रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों, खास तौर से पश्चिमी देशों से उपलब्ध उच्च मात्रा ने किसी भी व्यवधान की भरपाई कर दी है. भारत की सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत से अधिक क्षमता पर चल रही हैं. इंडियन ऑयल कंपनियों ने अगले 60 दिनों के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति पहले ही सुनिश्चित कर ली है. सप्लाई में कोई कमी नहीं है.