Published: 4:50 AM, May 9, 2025
|Updated: 5:49 AM, May 9, 2025
India Pakistan War News Updates: पाकिस्तान ने गुरुवार रात जम्मू-कश्मीर के इलाकों, पंजाब के कुछ हिस्सों और राजस्थान के जैसलमेर में ड्रोन और रॉकेट से हमला करने की नाकाम कोशिश की. भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम में सभी मिसाइल, ड्रोन को मार गिराया. यहां तक कि पाकिस्तानी सेना को 6 विमानों को मार गिराया. इनमें F-16 और J-17 शामिल हैं. इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को काफी नुकसान पहुंचाया. भारतीय सेना ने पाकिस्तान के उड़ते हुए हाईटेक जासूस AWACS (एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम) विमान को भी निशाना बनाया. लेकिन, ये AWACS है क्या बला? जिस पर पाकिस्तान इतना इतराता था और कैसे भारतीय सेना ने उसकी 'आंख' फोड़ दी. आइए जानते हैं.

1/8
AWACS का मतलब है 'एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम'. ये एक खास तरह का हवाई जहाज होता है जिसके ऊपर एक बड़ी सी छतरी (डोम) लगी होती है. ये छतरी दरअसल एक बहुत पावरफुल रडार होता है. AWACS को 'आसमान में उड़ती आंख और कान' भी कहा जाता है.

2/8
AWACS अपने ताकतवर रडार से सैकड़ों किलोमीटर दूर तक दुश्मन के लड़ाकू विमान, ड्रोन, मिसाइल और यहां तक कि जमीनी हलचल पर भी नजर रख सकता है. यह न सिर्फ खतरा भांपता है, बल्कि अपने लड़ाकू विमानों को दुश्मन पर हमला करने के लिए गाइड भी करता है. यह एक उड़ता हुआ कमांड और कंट्रोल सेंटर होता है.

3/8
AWACS किसी भी देश की वायु सेना की ताकत कई गुना बढ़ा देता है. यह जमीनी रडार की सीमाओं से परे जाकर निगरानी करता है, जिससे दुश्मन के विमानों को छिपने की जगह नहीं मिलती. यह 'अर्ली वॉर्निंग' यानी खतरे की पहले ही सूचना दे देता है, जिससे जवाबी कार्रवाई का समय मिल जाता है.

4/8
पाकिस्तान के पास मुख्य रूप से दो तरह के AWACS सिस्टम हैं- स्वीडन से खरीदा गया साब 2000 एरीआई (Saab 2000 Erieye) और चीन से खरीदा गया ZDK-03 काराकोरम ईगल (Karakoram Eagle). ये दोनों ही काफी सक्षम माने जाते हैं.

5/8
AWACS को मार गिराना आसान नहीं होता क्योंकि ये आमतौर पर अपने लड़ाकू विमानों के सुरक्षा घेरे में उड़ते हैं. इसे निशाना बनाने के लिए लंबी दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें (जैसे भारतीय वायु सेना की Astra या अन्य), जमीन से हवा में मार करने वाली एडवांस्ड मिसाइल सिस्टम (जैसे S-400 या आकाश) या फिर इलेक्ट्रॉनिक युद्ध (Electronic Warfare) तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे उसका रडार जाम हो जाए.

6/8
चिंता की बात नहीं! भारत के पास भी अपना AWACS सिस्टम है. DRDO द्वारा विकसित 'नेत्र' (Netra) AWACS एम्ब्रेयर जेट पर लगा है, और इजराइल से खरीदा गया फाल्कन (Phalcon) AWACS IL-76 विमान पर तैनात है. ये हमारी वायु सेना को ताकत देते हैं.

7/8
किसी देश के AWACS विमान को मार गिराना युद्ध की स्थिति में एक बहुत बड़ी कामयाबी मानी जाती है. इससे दुश्मन की हवाई निगरानी और कमांड क्षमता बुरी तरह प्रभावित होती है, और आपकी वायु सेना को बढ़त मिलती है. यह दुश्मन के मनोबल पर भी गहरा असर डालता है.

8/8
रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि AWACS आधुनिक युद्ध का एक अभिन्न अंग है. इसे निशाना बनाना एक जटिल और साहसिक ऑपरेशन होता है जो किसी देश की तकनीकी और सामरिक क्षमता को दर्शाता है.