&format=webp&quality=medium)
Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी ने बुधवार को सिक्योरिटी कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) की मीटिंग की. यह मीटिंग करीब दो घंटे तक चली. पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के चलते अपनी सऊदी अरब की यात्रा को भी कैंसिल कर दिया और बुधवार सुबह ही दिल्ली लौट आए. इस मीटिंग में पीएम मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद थे. इस मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए.
सीसीएस मीटिंग में यह कहा गया कि पहलगाम के आतंकी हमले में 26 भारतीय और एक नेपाली शख्स की मौत हुई. सीसीएस में यह बात रखी गई कि इसका सीमा पार से संबंध था. एक अहम फैसला लेते हुए तुरंत सिंधु घाटी समझौते को रोक दिया गया है. अटारी बॉर्डर को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया है. इससे भारत और पाकिस्तान के बीच जमीनी संपर्क भी समाप्त हो जाएगा. ये सभी फैसले भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक स्थिरता को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं. यह कदम भारत-पाकिस्तान संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर उठाया गया है.
अहम फैसला लेते हुए यह आदेश जारी किया गया है कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक भारत या भारत की धरती पर नहीं आ सकता है. पाकिस्तानी के हर उस नागरिक को 1 मई तक भारत छोड़ना होगा, जो वाघा अटारी बॉर्डर से भारत आए हैं. वहीं ऐसे पाकिस्तानी मिलिस्ट्री डिप्लोमेट, जिन्हें पर्सोना नॉन ग्राटा डिक्लेयर किया गया है, उन्हें 1 हफ्ते में देश छोड़ना होगा. इसके अलावा भारत में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी राजनयिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया है.
सीसीएस ने तमाम सेनाओं को अलर्ट पर रहने को कहा है. 1 मई से पहले-पहले भारत से सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़कर जाना होगा. पाकिस्तान के नागरिकों को जो भी SARC वीजा जारी किए गए हैं, उसे तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया है. वीजा पर देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटों में देश से बाहर जाने को कहा गया है.
भारत सरकार ने पाकिस्तान में तैनात अपनी आर्मी, नेवी और एयरफोर्स को वापस बुलाने का फैसला किया है. इस कदम के तहत भारत का इस्लामाबाद स्थित डिफेंस स्टाफ अब घटकर 55 से 30 रह जाएगा. हाई कमीशन से 3 सर्विस एडवाइजर को 5 सपोर्ट स्टाफ के साथ वापस बुलाया गया.
न्यूज एजेंसी एएनआई को सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक, पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कल यानी गुरुवार को ऑल पार्टी मीटिंग होगी. गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सभी पार्टियों से बात कर रहे हैं.
इस संधि के तहत 6 नदियों का 80% जल पाकिस्तान को जाता है. 6 नदियों व्यास, रावी, सतलज, सिंधु, चिनाब और झेलम के पानी का बंटवारा हुआ है. व्यास, रावी, सतलज का पानी भारत को मिलता है. वहीं सिंधु, चिनाब और झेलम का पानी पाकिस्तान को जाता है. तत्कालीन PM जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तानी राष्ट्रपति अयूब खान ने 1960 में समझौता पर दस्तखत किया था. पूर्वी नदियों के पानी को भारत और पश्चिमी नदियों के पानी को पाकिस्तान इस्तेमाल करता है.