&format=webp&quality=medium)
NTA NEET UG Final Result Declared: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने विवादों में घिरी NEET UG 2024 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है. फाइनल रिजल्ट में टॉप पोजिशन पर कैंडिडेट्स की संख्या 61 से घटकर 17 आ गई है. कैंडिडेट्स अपना रिजल्ट एनटीए की वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फिजिक्स के एक सवाल के अंकों को ध्यान में रखते हुए परिणाम घोषित किए गए है. एनटीए ने कहा था कि इस प्रश्न के दो सही उत्तर हैं. आपको बता दें कि नीट-यूजी का आयोजन एनटीए द्वारा सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए किया जाता है.
नीट यूजी के संशोधित रिजल्ट के मुताबिक दिल्ली से दो, उत्तर प्रदेश से दो, बिहार से एक, राजस्थान से चार, पंजाब से 1, पश्चिम बंगाल से 1, महाराष्ट्र से तीन, तमिलनाडु से 1 , केरल से 1, चंडीगढ़ से एक कैंडिडेट ने पहली रैंक हासिल की है. टॉप रैंक हासिल करने वालों में 13 मेल और चार फीमेल कैंडिडेट्स हैं. आपको बता दें कि मंगलवार 23 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने नीट यूजी की परीक्षा दोबारा कराने वाली याचिका को रद्द कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि इस बात के कोई सबूत नहीं है कि परीक्षा की शुचिता भंग हुई है.
एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पहले टॉपर घोषित किए गए 67 उम्मीदवारों में से 44 ने उस विशेष फिजिक्स के सवाल के लिए दिए गए अंकों के कारण पूरे अंक प्राप्त किए थे. बाद में टॉपर की संख्या घटाकर 61 कर दी गई थी, क्योंकि एजेंसी ने कुछ परीक्षा केंद्रों पर समय के नुकसान की भरपाई के लिए छह उम्मीदवारों को दिए गए ग्रेस मार्क्स वापस ले लिए थे. वहीं, सीबीआई नीट-यूजी 2024 में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है और उसने छह एफआईआर दर्ज की है.