&format=webp&quality=medium)
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. वे देश की पहली ऐसी वित्त मंत्री बन गई हैं जिन्होंने 6 साल 54 दिन लगातार वित्त मंत्री का पदभार संभाले रखा है. उनसे पहले ये रिकॉर्ड पूर्व वित्त मंत्री CD देशमुख के पास था. वे लगातार 6 साल और 53 दिन वित्त मंत्री रहे थे. आज निर्मला सीतारमण ने उनके रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. बता दें कि निर्मला सीतारमण के अलावा पीएम मोदी ने भी एक नया रिकॉर्ड बनाया है. वे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने वाले दूसरे पीएम बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ा है. फिलहाल देश में प्रधानमंत्री पद को सबसे लंबे समय तक संभालने का रिकॉर्ड पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू के नाम दर्ज है.
बता दें कि निर्मला सीतारमण के नाम वित्त मंत्री के तौर पर कई रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं. निर्मला सीतारमण भारत की दूसरी महिला वित्त मंत्री हैं. उनसे पहले इंदिरा गांधी ने 1970-71 के बीच प्रधानमंत्री रहते हुए वित्त मंत्रालय अपने पास रखा था. लेकिन भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री होने का गौरव निर्मला सीतारमण को प्राप्त हुआ है. पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री रहने का दर्जा भी सीतारमण के ही पास है.
निर्मला सीतारमण ने साल 2019 में वित्त मंत्री बनते ही ब्रिटिश काल से चली आ रही एक परंपरा को खत्म कर दिया था और बजट के कागजात को ब्रीफकेस या सूटकेस में लाने की बजाय वे लाल रंग की पोटली में लेकर संसद पहुंचीं. ऐसे में ये रिकॉड भी उनके नाम दर्ज है.
इसके अलावा पहला पेपरलेस बजट यानी डिजिटल बजट पेश करने वाली पहली वित्त मंत्री भी निर्मला सीतारमण हैं. साल 2021 में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरी तरह से पेपरलेस डिजिटल बजट पेश किया गया. इसके बाद से बजट की कॉपी को छापने की परंपरा बंद हो गई.
सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड भी मौजूदा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम दर्ज है. 2020-21 का बजट पेश करते हुए 2 घंटे 42 मिनट लंबा भाषण दिया था. उस समय उन्होंने जुलाई 2019 में बनाए गए अपने ही 2 घंटे एवं 17 मिनट लंबे भाषण के रिकॉर्ड को ब्रेक किया था.