पेट्रोल व डीजल पर इस सरकार ने बढ़ाया टैक्स, जानिए कितनी हो गईं कीमतें

कांग्रेस-जनता दल (सेक्युलर) के गठबंधन वाली कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल पर कर की दर बढ़ाकर क्रमश: 32 प्रतिशत और 21 प्रतिशत कर दी.
पेट्रोल व डीजल पर इस सरकार ने बढ़ाया टैक्स, जानिए कितनी हो गईं कीमतें

इस राज्य में और महंगा हुआ पेट्रोल - डीजल (फाइल फोटो)

कांग्रेस-जनता दल (सेक्युलर) के गठबंधन वाली कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल पर कर की दर बढ़ाकर क्रमश: 32 प्रतिशत और 21 प्रतिशत कर दी. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में इसका कारण बताते हुये कहा गया है कि कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार गिरती कीमतों से राज्य के राजस्व पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है. राज्य में पेट्रोल और डीजल पर कर की दर क्रमश: 28.75 और 17.73 प्रतिशत थी जिसे बढ़ाकर 32 और 21 प्रतिशत कर दिया गया है. इस बढ़ोत्तरी के बाद राज्य में अब पेट्रोल की कीमत 70.84 रुपये प्रति लीटर और डीजल की 64.66 रुपये प्रति लीटर हो गई है. हालांकि, इस बढ़ोत्तरी के बावजूद कर्नाटक में ईंधन की खुदरा कीमत पड़ोसी राज्यों से कम ही हैं. एक जनवरी 2019 को इन ईंधनों के आधार मूल्य को देखते हुये दाम पड़ोसी राज्यों से कम रहे हैं.

दिल्ली व एनसीआर में कम हुईं कीमतें
नए साल में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है. दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को एक बार फिर तेल के दामों में गिरावट दर्ज की गई है. शनिवार को दिल्ली में जहां पेट्रोल 68.29 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 62.26 रुपए लीटर मिल रहा है. वहीं, आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमतों में 15 पैसे की कटौती हुई है, जिसके बाद शनिवार को पेट्रोल की कीमत 73.95 रुपए प्रति लीटर हो गई है. जबकि डीजल के दामों में 20 पैसे की कटौती के बाद यह 65.15 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है.

और भी कम होंगे दाम
भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमत पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करती है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत डिमांड और सप्लाई के आधार पर तय होती है. जानकारों के मुताबिक कच्चे तेल की गिरती डिमांड और ज्यादा उत्पादन के चलते अभी कच्चे तेल की कीमतें कम हैं. आगे कुछ दिनों तक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है और उम्मीद है कि इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतें दो से तीन रुपए और कम हो सकती हैं.

  1. 1
  2. 2
  3. 3
  4. 4
  5. 5
  6. 6