&format=webp&quality=medium)
जनवरी के शुरुआती समय में दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी, लेकिन 19 जनवरी को अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली है कि मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है. 19 जनवरी से अब तक लगातार तापमान बढ़ा हुआ ही है. दिन में धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोगों को अपने स्वेटर उतारने पड़ जा रहे हैं. आमतौर पर जनवरी में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहता है, लेकिन बीते कुछ दिनों से ये 24 से 25 डिग्री के आसपास रहा.
वहीं औसत न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है. 19 जनवरी को शहर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले 6 साल में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा. इन हालातों को देखते हुए हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि क्या ठंड खत्म हो गई? जानिए इस बारे में मौसम विभाग का क्या कहना है.
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक जनवरी के महीने में इस तरह के मौसम की दो वजह हैं. पहली, ला नीना का न होना, जिसके दिसंबर के आसपास आने का अनुमान था, लेकिन अभी तक नहीं आया है. ला नीना के प्रभाव से आमतौर पर उत्तर भारत में ठंड बढ़ती है. वहीं दूसरा कारण है पश्चिमी विक्षोभ, जो इस क्षेत्र में लगातार आए हैं, पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की दिशा में बार-बार बदलाव हुआ है. 19 जनवरी के आसपास दिन के तापमान में अचानक वृद्धि हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पश्चिम होने की वजह से हुई. ये हवा उत्तरी मैदानों को गर्म करती है.
मौसम विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र की मानें तो ठंड खत्म हो गई है, ये मान लेना अभी जल्दबाजी होगी. महापात्र की मानें तो 22 और 23 जनवरी को बारिश के बाद हवा की दिशा उत्तरी होने की संभावना है. ऐसे में 24 जनवरी से ठंड का असर दिख सकता है. हालांकि IMD पर 7 दिनों की भविष्यवाणी को देखें तो ये नहीं कहा जा सकता कि आने वाले दिनों में भी ठंड बढ़ने वाली है.
मौसम विभाग के हिसाब से दिल्ली में 25 जनवरी से कोहरे का दौर फिर से शुरू हो सकता है और ये 30 जनवरी तक जारी रहेगा. 25 जनवरी से 28 जनवरी तक मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है. वहीं 29 और 30 जनवरी को भी कोहरे की संभावना व्यक्त की गई है. इस बीच अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री रहने की संभावना है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री से 9 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है. वहीं अगर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर मौसम की बात करें तो उस दिन अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
