&format=webp&quality=medium)
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बड़ा अपडेट (फाइल फोटो)
भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड डील बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को भारत पर भरोसा है और दोनों देशों के रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत होंगे. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत और अमेरिका के बीच बहुत जल्द ट्रेड डील पर समझौता हो सकता है.
सर्जियो गोर के मुताबिक, ट्रेड डील से जुड़े करीब 99% मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहमति बन चुकी है और अब बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि यह डील दोनों देशों के लिए फायदेमंद होगी और निवेश के लिहाज से भारत दुनिया के सबसे आकर्षक देशों में शामिल है.
अमेरिकी राजदूत ने बताया कि ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ भी चर्चा हुई है और दोनों पक्ष समझौते को आगे बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. हालांकि इस सकारात्मक माहौल के बीच अमेरिका की ओर से सेक्शन 301 (Section 301) से जुड़ा एक नया मोर्चा भी खुला हुआ है.
भारत सरकार के मुताबिक, अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने भारत समेत 60 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ जांच पूरी की है. यह जांच उन देशों के नियमों और प्रक्रियाओं से जुड़ी है जो कुछ आयातित उत्पादों पर प्रतिबंध या नियंत्रण से संबंधित हैं. इसके आधार पर USTR ने अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है, हालांकि अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित शुल्क अभी समीक्षा प्रक्रिया में है और संबंधित पक्ष 22 जून 2026 तक सार्वजनिक सुनवाई में भाग लेने का अनुरोध कर सकते हैं. इसके अलावा 6 जुलाई 2026 तक लिखित टिप्पणियां जमा की जा सकती हैं, जबकि सार्वजनिक सुनवाई 7 जुलाई को होगी. अंतिम फैसला सभी पक्षों की प्रतिक्रिया के बाद लिया जाएगा.
Zee Business Hindi Live TV यहां देखें
भारत सरकार ने साफ किया है कि वह Section 301 प्रक्रिया के तहत अमेरिका के साथ लगातार बातचीत कर रहा है. इसके साथ ही दोनों देश फरवरी 2026 में घोषित फ्रेमवर्क एग्रीमेंट को अंतिम रूप देने की दिशा में भी काम कर रहे हैं.
भारत और अमेरिका के बीच यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे निवेश, सप्लाई चेन और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. आने वाले हफ्तों में दोनों देशों की बातचीत पर बाजार और उद्योग जगत की नजर बनी रह सकती है.
(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें)