&format=webp&quality=medium)
सीरीज जीत के साथ शुरू हुई कप्तान रोहित और कोच द्रविड़ की पारी.
IND vs NZ playing 11 3rd T20 : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) न्यूजीलैंड के खिलाफ (India vs New Zealand) तीसरे और अंतिम टी-20 मैच में कुछ बदलाव कर सकते हैं. भारतीय टीम इस सीरीज को जीत चुकी है. ऐसे में बेंच पर बैठे कुछ खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है. न्यूजीलैंड टीम के लिये यह मैच औपचारिकता मात्र है. लेकिन फिर भी टीम की कोशिश अंतिम मैच को जीतकर सकारात्मक अंदाज में सीरीज को समाप्त करने की होगी.
जयपुर और रांची में जीतने के बाद भारतीय टीम श्रृंखला अपने नाम कर चुकी है लेकिन ‘क्लीन स्वीप’ करने के लिए ईडन गार्डन से बेहतर जगह नहीं हो सकती. बतौर पूर्णकालिक टी20 कप्तान रोहित की यह पहली सीरीज है जिसमें पहले दोनों टॉस उन्होंने जीते. इससे हालात का फायदा उठाने में मदद मिली और गेंदबाजों तथा बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा. रोहित ने ईडन गार्डन पर ही वनडे क्रिकेट में 264 रन बनाये थे और यहीं पर कप्तान के तौर पर पहली सीरीज 3-0 से जीतना उनके लिये सोने पे सुहागा होगा.
ज़ी बिज़नेस LIVE TV यहां देखें
कोच राहुल द्रविड़ को इस तरह की शानदार जीत के बाद नयी भूमिका में ढलने में मदद मिलेगी. इसके एक सप्ताह के भीतर ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला शुरू होने वाली है . रोहित और द्रविड़ अब रिजर्व खिलाड़ियों को मौका देकर परखना चाहेंगे . छठे गेंदबाज को चुनने की दशा में वेंकटेश अय्यर से गेंदबाजी कराई जा सकती है चूंकि हुगली नदी से उठने वाली हवाओं से उन्हें अतिरिक्त स्विंग मिलेगी.
रूतुराज गायकवाड़, आवेश खान और ईशान किशन उम्मीद कर रहे होंगे कि कप्तान उन्हें इस मैच में मौका देंगे. आईपीएल में आरेंज कैप रहे गायकवाड़ पहले तीन स्थानों में से किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं .इसके लिये कप्तान रोहित या उपकप्तान के एल राहुल को बाहर बैठना होगा . राहुल को बाहर करना सटीक होगा क्योंकि चार दिन बाद उन्हें टेस्ट श्रृंखला खेलनी है . इसी तरह दीपक चाहर या भुवनेश्वर कुमार की जगह आवेश खान को उतारा जा सकता है . अक्षर पटेल या रविचंद्रन अश्विन की जगह युजवेंद्र चहल खेल सकते हैं .
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अक्षर पटेल, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान और हर्षल पटेल.
न्यूजीलैंड: मार्टिन गप्टिल, डैरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, टिम साउथी (कप्तान), टाड एश्ले, लाकी फर्ग्युसन और ट्रेंस बोल्ट.